best news portal development company in india

विदेश भेजने के नाम पर 20 लाख की ठगी, फर्जी कंपनियों से रचा गया पूरा खेल

SHARE:

विदेश भेजने के नाम पर 20 लाख की ठगी, फर्जी कंपनियों से रचा गया पूरा खेल

पोल खोल न्यूज़ । शिमला

विदेश में पढ़ाई के लिए वीजा दिलाने के नाम पर एक युवक से 20 लाख रुपये से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से फर्जी कंपनियों और दस्तावेजों का सहारा लेकर युवक का विश्वास जीता और उसे झांसे में लिया।

घुमारवीं पुलिस थाना में दर्ज शिकायत के अनुसार हमीरपुर के गांव घुमार्थ, डाकघर धंगोटा, तहसील ढटवाल निवासी निशांत ठाकुर ने बताया कि बिलासपुर के दो युवकों ने उसे विदेश भेजने का भरोसा दिलाया। इस दौरान आरोपियों ने दो कंपनियों के नाम पर दस्तावेज तैयार कर उसे दिखाए, जिससे उसका भरोसा जीत लिया गया।

शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से अलग-अलग समय पर उससे कुल 20 लाख 41 हजार 364 रुपये की राशि विभिन्न माध्यमों से हासिल कर ली। इसके बावजूद न तो उसे वीजा दिलाया गया और न ही कोई प्रक्रिया पूरी की गई। जब युवक को ठगी का अहसास हुआ और उसने अपनी राशि वापस मांगी, तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी।

मामले में एक और चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि आरोपियों ने युवक के नाम पर धोखे से बैंक से ऋण भी ले लिया और उस पैसे से महिंद्रा थार खरीद ली। साथ ही उसके नाम से बैंक खाता खुलवाकर उसका दुरुपयोग किया। युवक का आरोप है कि उससे खाली कागजों और चेक पर हस्ताक्षर भी करवाए गए, जिनका बाद में गलत इस्तेमाल किया गया और उस पर संपत्ति को लेकर दबाव बनाने की कोशिश भी की गई।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद पीड़ित ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला गंभीर प्रकृति का है और इसकी हर पहलू से जांच की जा रही है। लेनदेन के रिकॉर्ड, बैंक खातों, दस्तावेजों की सत्यता और अन्य तथ्यों को बारीकी से खंगाला जा रहा है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।— विशाल वर्मा, डीएसपी घुमारवीं

📌 इन्फो बॉक्स 

 

👉 वीजा के नाम पर 20.41 लाख रुपये की ठगी

👉 फर्जी कंपनियों और दस्तावेजों से बनाया भरोसा

👉 पीड़ित के नाम पर लिया गया बैंक लोन

👉 लोन से खरीदी गई महिंद्रा थार

👉 खाली कागजों और चेक पर कराए हस्ताक्षर

👉 पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now