
उहल में तेंदुए की दहशत: दो बार विजय के घर के आंगन में दिखा, सीसीटीवी में कैद हुई तस्वीरें
रजनीश शर्मा। हमीरपुर
हमीरपुर जिला के तहत आने वाले उहल में एक बार फिर तेंदुए की दहशत देखने को मिली, जब विजय कुमार पुत्र अनंत राम के घर के आंगन में देर रात एक तेंदुआ घूमता हुआ नजर आया। यह पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसकी तस्वीरें अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई हैं। घटना के बाद इलाके में डर का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
विजय कुमार ने बताया कि तेंदुआ पहली बार 24 मार्च को रात के समय उनके घर के आंगन में दिखाई दिया था, जिसे देखकर परिवार के लोग घबरा गए थे। इसके बाद 6 अप्रैल को फिर वही तेंदुआ दोबारा नजर आया और इस बार उसकी गतिविधियां स्पष्ट रूप से सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गईं। उन्होंने कहा कि लगातार दो बार तेंदुए के आने से परिवार में भय का माहौल है और रात के समय बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने इस घटना की सूचना प्रशासन या वन विभाग को दी है, तो विजय कुमार ने बताया कि उन्होंने संबंधित विभाग को जानकारी अभी नहीं दी थी, लेकिन अब बार बार तेंदुए की मूवमेंट से वह इसकी सूचना वन विभाग को दे रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

विजय कुमार से यह भी पूछा गया कि तेंदुआ किस समय देखा गया, तो उन्होंने बताया कि यह ज्यादातर देर रात या तड़के सुबह के समय आता है, जब आसपास सन्नाटा होता है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में तेंदुआ आराम से आंगन में घूमता हुआ दिखाई दे रहा है, जिससे साफ है कि उसे किसी का डर नहीं है।

परिवार की सुरक्षा को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में विजय कुमार ने कहा कि अब उनके घर की लाइटें लगातार जलती रहती हैं रात के समय दरवाजे-खिड़कियां बंद रखी जाती हैं। उन्होंने आसपास के लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दी है।
विजय कुमार ने प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि गांव में तेंदुए की बढ़ती गतिविधियों को गंभीरता से लिया जाए और जल्द से जल्द इसे पकड़ने या सुरक्षित जंगल में छोड़ने के लिए उचित कदम उठाए जाएं, ताकि इलाके के लोग बिना डर के अपना जीवन जी सकें।
Author: Polkhol News Himachal









