best news portal development company in india

हिमाचल में 3 से 7 अप्रैल तक बदलेगा मौसम, कई जिलों में ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट

SHARE:

हिमाचल में 3 से 7 अप्रैल तक बदलेगा मौसम, कई जिलों में ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट

रामपुर में ओलावृष्टि से सेब बागवानों को भारी नुकसान, अप्रैल में सामान्य से अधिक बारिश के संकेत

पोल खोल न्यूज़। शिमला 

हिमाचल प्रदेश में वीरवार को मौसम साफ रहने के बावजूद आने वाले दिनों में फिर बदलाव के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार तीन से सात अप्रैल तक प्रदेश के कई हिस्सों में बादल बरस सकते हैं। शुक्रवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों के कई क्षेत्रों में अंधड़ और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य जिलों में येलो अलर्ट रहेगा।

वीरवार को राजधानी शिमला सहित अधिकांश जिलों में धूप खिली रही। विभाग के अनुसार दो अप्रैल को राज्य के मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद 3 से 7 अप्रैल तक प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। आगामी तीन से चार दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं जताई गई है।

उधर, रामपुर उपमंडल के सेब बहुल क्षेत्रों में मंगलवार रात हुई ओलावृष्टि ने बागवानों को भारी नुकसान पहुंचाया है। 12/20, दरकाली, शलाटी घोड़ी, नोगवैली समेत कई पंचायतों में सेब और अन्य फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। रचोली, डंसा, लालसा, देवठी, कूहल, मुनीश, काशापाट, दरकाली और तकलेच पंचायतों में भी ओलावृष्टि से व्यापक क्षति हुई है। नित्थर क्षेत्र में भी फसलों को नुकसान की खबर है।

मौसम विभाग के विस्तारित पूर्वानुमान के अनुसार अप्रैल माह में प्रदेश के कई हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश होने की 33.5 फीसदी संभावना जताई गई है। हालांकि लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों के कुछ क्षेत्रों में सामान्य से कम वर्षा हो सकती है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है, जबकि निचली पहाड़ियों, मैदानी इलाकों और उनसे सटे मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहने का अनुमान है।

इन्फो बॉक्स:

  • 3 से 7 अप्रैल तक बारिश-बर्फबारी के आसार
  • चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में ऑरेंज अलर्ट
  • अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी
  • रामपुर क्षेत्र में ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान
  • अप्रैल में 33.5% अधिक बारिश की संभावना
  • न्यूनतम तापमान में फिलहाल बड़ा बदलाव नहीं

Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now