
मोड़ते समय एचआरटीसी बस हादसे का शिकार, चालक ने कूदकर बचाई अपनी जान
पोल खोल न्यूज़ । मंडी
कुन्नू कुफरी नशधरा रूट पर गई एचआरटीसी मंडी डिपो की बस बुधवार सुबह बटाहर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बता दें कि बस को मोड़ते समय ये हादसा पेश आया। बुधवार सुबह 6.30 बजे बस मंडी के लिए रवाना हो रही थी। चालक बस को बटाहर बस ठहराव के पास मोड़ रहा था।
इस दौरान परिचालक जितेंद्र कुमार बस के बाहर चालक गोपाल सिंह को इशारा दे रहा था। दलदल मिट्टी में बस के फिसलने से वह ट्रैक के बाहर चली गई और लगभग 100 मीटर नीचे खाई में लुढ़क गई। बस के परखच्चे उड़ गए। चालक गोपाल सिंह ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई। गनीमत यह रही कि बस में कोई भी सवारियां नहीं बैठी थी।

Author: Polkhol News Himachal









