
पेट्रोल-डीजल पर ₹10 एक्साइज ड्यूटी कटौती: प्रधानमंत्री की रणनीति से जनता को बड़ी राहत : उषा बिरला
पोल खोल न्यूज़ | हमीरपुर

भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा प्रदेश कार्य समिति सदस्य उषा बिरला ने केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में ₹10 की कटौती किए जाने पर प्रेस विज्ञप्ति जारी कर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने इस फैसले को आम जनता के लिए राहत भरा और दूरदर्शी कदम बताया।
उषा बिरला ने कहा कि वर्तमान समय में पूरा विश्व ऊर्जा संकट से गुजर रहा है, जहां कच्चे तेल और गैस की कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। कई देशों में महंगाई चरम पर है, लेकिन ऐसे कठिन वैश्विक हालात में भी भारत सरकार ने जनता को राहत देने का कार्य किया है, जो प्रधानमंत्री की मजबूत और संवेदनशील नीति को दर्शाता है।

उन्होंने प्रधानमंत्री की रणनीति का उल्लेख करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी की आर्थिक और ऊर्जा प्रबंधन की सोच हमेशा संतुलन पर आधारित रही है, जिसमें एक ओर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत रखना और दूसरी ओर आम नागरिकों को महंगाई से राहत देना शामिल है। एक्साइज ड्यूटी में यह कटौती उसी रणनीति का हिस्सा है, जिससे परिवहन लागत कम होगी और रोजमर्रा की वस्तुओं के दामों पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
उषा बिरला ने आगे कहा कि देश के पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी स्पष्ट किया है कि भारत के पास लगभग 60 दिनों का गैस भंडारण उपलब्ध है, जिससे यह साफ होता है कि देश ऊर्जा के मामले में सुरक्षित और आत्मनिर्भर स्थिति में है। यह सरकार की दूरदर्शी योजना और मजबूत प्रबंधन का परिणाम है।
ये भी पढ़ें:बढ़ती चिंता: हिमाचल में नौनिहालों पर कुपोषण की मार, 6 साल तक के बच्चों में ठिगनापन बढ़ा

उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम देश के सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ इस विषय पर विस्तृत विचार-विमर्श करेंगे, ताकि राष्ट्रीय स्तर पर समन्वय बनाते हुए जनता को अधिकतम राहत दी जा सके। उषा बिरला ने आगे कहा कि केंद्र सरकार समय-समय पर परिस्थितियों का आकलन कर जनहित में फैसले लेती रही है। यह निर्णय न केवल आम आदमी को राहत देगा, बल्कि देश की आर्थिक स्थिरता को भी मजबूत करेगा।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों या भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें और सरकार की नीतियों पर विश्वास बनाए रखें। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ देश के हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। उषा बिरला ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय “जनता के हित में समर्पित सरकार” की सोच और मजबूत नेतृत्व का प्रमाण है।


Author: Polkhol News Himachal








