
विदेश दौरों पर उठे सवाल, सरकार का जवाब—अगली बार सभी विधायकों को मिलेगा मौका
पोल खोल न्यूज़ | शिमला

हिमाचल प्रदेश विधानसभा में उद्योग विभाग के अधिकारियों के विदेश दौरों को लेकर विपक्ष ने सवाल उठाए। भाजपा विधायक ब्रिकम ठाकुर ने इस मुद्दे को सदन में प्रमुखता से रखा।
इस पर जवाब देते हुए उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पहली बार मंत्रियों और अधिकारियों के साथ-साथ विधायकों को भी विदेश दौरे पर शामिल किया है। उन्होंने बताया कि भाजपा विधायक अनिल शर्मा जापान, हांगकांग और वियतनाम के दौरे पर गए थे, जबकि विधायक विपिन सिंह परमार भी जाने वाले थे, लेकिन वे नहीं जा सके। मंत्री ने आश्वासन दिया कि भविष्य में ब्रिकम ठाकुर को भी ऐसे दौरों में शामिल किया जाएगा।

वहीं मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राजीव गांधी वन संवर्धन योजना को लेकर जानकारी देते हुए कहा कि महिला मंडलों और युवक मंडलों को पौधारोपण के लिए तय समय में भुगतान सुनिश्चित करने हेतु एसओपी तैयार की जाएगी। उन्होंने बताया कि वन आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से सरकार यह योजना चला रही है, जिसके तहत पौधे लगाने और उनकी देखभाल के लिए वित्तीय सहायता दी जा रही है। साथ ही, यदि कोई उद्योगपति पौधारोपण करना चाहता है, तो उसे सरकार द्वारा भूमि उपलब्ध करवाई जाएगी।
ये भी पढ़ें:हिमकेयर की जगह शुरू होगी यह स्कीम, दो बिजली मीटरों पर ही मिलेगी सब्सिडी

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बताया कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में जेबीटी के 273, टीजीटी के 683 और प्रवक्ता (नई व्यवस्था) के 107 पद सरप्लस हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के युक्तिकरण की प्रक्रिया लगातार जारी है, जिससे स्कूलों में जरूरत के अनुसार शिक्षकों का संतुलित वितरण सुनिश्चित किया जा सके।
वहीं, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल ने जानकारी दी कि प्रदेश में 8,06,846 लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 70 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों को घर जाकर पेंशन देने की कोई योजना नहीं है। सभी लाभार्थियों को पेंशन की राशि सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी जा रही है।



Author: Polkhol News Himachal









