
सुजानपुर में वायु सेना का 22 मिनट का रोमांचक एयर शो: आसमान में 9 विमानों ने दिखाया अद्भुत कौशल

रजनीश शर्मा। सुजानपुर
भारतीय वायु सेना की विश्व प्रसिद्ध सूर्य किरण एरोबेटिक टीम द्वारा 25 मार्च को सुबह 10.45 बजे आयोजित एयर शो दर्शकों को रोमांचित कर गया । बुधवार को एमके-132 जेट विमानों ने सुजानपुर के आसमान में उड़ानें भरकर माहौल को रोमांच से भर दिया। इन उड़ानों ने दर्शकों में शो को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी। एयर शो वीरवार को भी करीब आधा घंटा इसी वक्त होगा।
दो दिन आसमान में दिखेंगे हैरतअंगेज करतब

बुधवार को सुबह करीब 10:45 बजे शुरू हुए इस एयर शो में कुल 9 विमानों ने भाग लिया । लगभग 22 मिनट तक चले इस शो में एयर फोर्स स्टेशन चंडीगढ़ और आदमपुर से उड़ान भरकर आए विमानों ने सुजानपुर के ऊपर विभिन्न फॉर्मेशन और कलाबाजियां दिखाई।

एशिया की अनोखी टीम, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान
सूर्य किरण एरोबेटिक टीम एशिया की एकमात्र नौ विमानों वाली टीम है और दुनिया की चुनिंदा बेहतरीन एरोबेटिक टीमों में शामिल है। इस टीम ने भारत सहित चीन, श्रीलंका, म्यांमार, थाईलैंड, सिंगापुर और यूएई जैसे देशों में भी अपने शानदार प्रदर्शन से भारतीय वायु सेना की ताकत और कौशल का लोहा मनवाया है।
सरकार और प्रशासन ने किए पुख्ता इंतजाम
सुजानपुर के विधायक कैप्टन रणजीत सिंह राणा ने बताया कि इस आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। मैदान में मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों और आम जनता के बैठने के लिए उचित प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।

युवाओं को मिलेगी प्रेरणा, सुजानपुर को मिला गौरव
सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा की प्रधानाचार्य एवं वायु सेना की वरिष्ठ अधिकारी ग्रुप कैप्टन रचना जोशी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में इस तरह के पहले एयर शो की मेजबानी सुजानपुर के लिए गर्व की बात है। इससे प्रदेश के युवा सैन्य सेवाओं की ओर प्रेरित होंगे।
उन्होंने बताया कि इस शो में स्कूल के पूर्व छात्र एयर कमोडोर बृजेश पॉल और स्क्वाड्रन लीडर हिमकुश चंदेल भी हिस्सा ले रहे हैं।
कमेंटरी के जरिए मिला हर पल का अनुभव
एयर शो के दौरान विशेष कमेंटरी बॉक्स से वायु सेना के अधिकारी हर करतब और फॉर्मेशन की जानकारी दर्शकों तक पहुंचाते नजर आए, जिससे लोगों को शो का हर पल समझने और महसूस करने का मौका मिला।

बुधवार को शो ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध
बुधवार को आयोजित एयर शो ने सुजानपुर के लोगों को रोमांचित कर दिया। करीब 22 मिनट तक दर्शक आसमान में नजरें टिकाए रहे। पायलट्स ने तिरंगा, दिल को चीरता तीर और विभिन्न हैरतअंगेज फॉर्मेशन बनाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सुरक्षा के लिए फूड स्टॉल अस्थायी रूप से बंद
एयर शो के दौरान आसमान में पक्षियों की संख्या कम रखने के लिए सुजानपुर होली मेले में लगे खाने-पीने के स्टॉल, फास्ट फूड और आलू-चने टिक्की के स्टॉल वीरवार दोपहर 12 बजे तक बंद रखे गए हैं, ताकि शो सुरक्षित और सफलतापूर्वक आयोजित हो सके।

इन्फो बॉक्स: एयर शो की खास बातें
स्थान: सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा मैदान
तारीख: 25 और 26 मार्च
समय: सुबह 10:45 बजे
भाग लेने वाले विमान: 9
अवधि: लगभग 22 मिनट
विशेष आकर्षण: तिरंगा फॉर्मेशन, एरोबेटिक करतब, फॉर्मेशन फ्लाइंग
सुरक्षा उपाय: पक्षियों से बचाव हेतु फूड स्टॉल अस्थायी रूप से बंद
अपील: प्रशासन और वायु सेना ने लोगों, खासकर बच्चों और युवाओं से समय से पहले पहुंचकर इस अद्भुत एयर शो का आनंद लेने की अपील की है।

Author: Polkhol News Himachal









