best news portal development company in india

अब एक क्लिक में मिलेगी सरकारी योजनाओं की पूरी जानकारी, एनआईटी हमीरपुर के छात्रों ने बनाया AI प्लेटफॉर्म

SHARE:

अब एक क्लिक में मिलेगी सरकारी योजनाओं की पूरी जानकारी, एनआईटी हमीरपुर के छात्रों ने बनाया AI प्लेटफॉर्म

पोल खोल न्यूज़ | हमीरपुर

अब आम लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी के लिए अलग-अलग वेबसाइट्स पर भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक पर आधारित एक स्मार्ट ‘सरकारी सहायक’ प्लेटफॉर्म इस प्रक्रिया को बेहद आसान बना देगा। यह प्लेटफॉर्म न केवल योजनाओं की पूरी जानकारी एक क्लिक में उपलब्ध कराएगा, बल्कि पात्रता के अनुसार आवेदन प्रक्रिया को स्वतः पूरा करने में भी मदद करेगा।

इस अभिनव प्लेटफॉर्म को एनआईटी हमीरपुर के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग और कंप्यूटर साइंस विभाग के छात्रों ने मात्र 48 घंटे में तैयार किया है। इस प्रोजेक्ट को संस्थान में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के हैकाथॉन ‘इलेक्ट्रोथॉन 8.0’ में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ।

प्लेटफॉर्म में पांच उन्नत AI एजेंट शामिल किए गए हैं—असिस्ट अप्लाई, प्रोफाइल डिस्कवरी, स्कीम डिस्कवरी, एलिजिबिलिटी और फ्रॉड डिटेक्शन। इन सभी एजेंट्स को मॉडल कॉन्टेक्स्ट प्रोटोकॉल (MCP) तकनीक के माध्यम से जोड़ा गया है, जिससे ये आपस में समन्वय बनाकर यूजर को चरणबद्ध मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।

ये भी पढ़ें : भोरंज में ‘पानी-पानी’ को तरसे लोग: बस्सी समेत 6 गांवों में तीसरे दिन भी सूखी टोंटियां

यूजर जैसे ही अपनी शैक्षणिक योग्यता और जरूरी दस्तावेज प्लेटफॉर्म पर अपलोड करता है, सिस्टम स्वतः उनका विश्लेषण कर बताता है कि वह किन-किन सरकारी योजनाओं के लिए पात्र है। साथ ही संबंधित अधिसूचनाओं की जानकारी देने के अलावा आवेदन फॉर्म भी स्वतः भर देता है। ‘असिस्ट अप्लाई’ फीचर के जरिए दस्तावेज अपलोड करते ही आवेदन प्रक्रिया कुछ ही पलों में पूरी हो जाती है।

प्लेटफॉर्म में एक विशेष स्पीकर फीचर भी जोड़ा गया है, जिससे यूजर योजनाओं की जानकारी सुन सकते हैं। यह सुविधा विशेष रूप से कम शिक्षित और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी।

इस प्रोजेक्ट को ‘टीम बिट ब्रिबर्स’ के सदस्य अंशुमन, अंकित, अभिमन्यु और यथा ने विकसित किया है। टीम के अनुसार, यह प्लेटफॉर्म न केवल लोगों को सही योजनाओं तक पहुंचाने में मदद करेगा, बल्कि आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाकर धोखाधड़ी से बचाव भी सुनिश्चित करेगा।

संस्थान के निदेशक प्रो. एच.एम. सूर्यवंशी, रजिस्ट्रार डॉ. अर्चना नानोटी और आयोजन प्रभारी डॉ. संदीप कुमार सिंह ने छात्रों के इस नवाचार की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। यह उपलब्धि तकनीकी क्षेत्र में युवाओं की बढ़ती क्षमता और नवाचार की मिसाल है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now