
हमीरपुर में ‘सोमनाथ ज्योतिर्लिंग दर्शन’ की अनूठी आध्यात्मिक पहल, 3 अप्रैल को गांधी चौक में भव्य आयोजन
रजनीश शर्मा। हमीरपुर

हमीरपुर में श्रद्धालुओं के लिए एक विशेष आध्यात्मिक अवसर आने वाला है। ‘द आर्ट ऑफ लिविंग’ के तत्वावधान में ‘सोमनाथ ज्योतिर्लिंग दर्शन’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसके तहत भक्तों को लगभग 1000 वर्ष पुराने सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दिव्य दर्शन एवं पूजा का अनुभव मिलेगा।
इस संबंध में मंगलवार को हमीरपुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें राजेश कुमार ने बताया कि यह ऐतिहासिक आध्यात्मिक यात्रा 3 अप्रैल 2026 को शाम 4:30 बजे गांधी चौक, हमीरपुर में आयोजित होगी। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को आध्यात्मिकता से जोड़ना और सनातन परंपराओं के प्रति आस्था को और प्रगाढ़ करना है।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन में विशेष रूप से सोमनाथ ज्योतिर्लिंग की झलक और पूजा-अर्चना का सजीव अनुभव कराया जाएगा, जिससे श्रद्धालु बिना गुजरात गए ही इस पावन धाम की अनुभूति कर सकेंगे।
कार्यक्रम में भाग लेने के इच्छुक श्रद्धालु ऑनलाइन पंजीकरण के माध्यम से भी जुड़ सकते हैं। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से इस धार्मिक आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की है।
आयोजकों का संदेश:
“यह केवल एक दर्शन नहीं, बल्कि एक ऐतिहासिक और आध्यात्मिक अनुभव है, जिसे पूरे परिवार के साथ जरूर अपनाएं।”


Author: Polkhol News Himachal









