
Himachal: पहाड़ों ने ओढ़ी बर्फ की चादर; शिमला में बारिश के साथ ओलावृष्टि, लाहौल से 10 हजार पर्यटक निकाले
पोल खोल न्यूज़ | शिमला

हिमाचल प्रदेश में मौसम के करवट बदलते ही सोमवार को दूसरे दिन भी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। शिमला में भी दोपहर बाद तेज बारिश और ओले गिरे। पूरी राजधानी सफेद हो गई। सोमवार को चंबा, किन्नौर, कुल्लू, लाहौल-स्पीति और मंडी जिले के कई क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। वहीं, दोपहर 3 बजे शिमला सहित कई भागों में मौसम बदलने से अंधेरा छा गया और कई क्षेत्रों में रात जैसा नजारा देखने को मिला। मनाली-लेह मार्ग पर 1,500 वाहनों में फंसे लगभग 10 हजार सैलानी समेत स्थानीय लोग रोहतांग टनल होकर सुरक्षित निकाल लिए गए हैं। रविवार को रातभर ठंड के बीच लोगों को गाड़ियों में ही रहना पड़ा।
कुल्लू जिले में सोमवार को दूसरे दिन भी दोपहर बाद बारिश का दौर शुरू हुआ। रोहतांग, कुंजम, जलोड़ी, बारालाचा और शिंकुला दर्रा सहित अटल टनल रोहतांग, सोलंगनाला के साथ पूरी लाहौल घाटी में बर्फबारी हुई। सोलंग बैरियर से लाहाैल के लिए सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। मनाली में भी हल्की बर्फबारी हुई। शिमला जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी हुई। किन्नौर के सांगला, छितकुल व कल्पा में 15 सेमी बर्फबारी दर्ज की गई। रामपुर के निचले क्षेत्रों में ओलावृष्टि व नारकंडा में बर्फबारी हुई। मंडी के शिकारी देवी में हिमपात हुआ। हमीरपुर में बारिश हुई। डलहौजी में डायन कुंड में 30 सेमी बर्फबारी हुई है। डलहौजी शहर में बर्फ गिरी है। भरमौर में 5 और पांगी के किलाड़ में 20 सेमी बर्फबारी हुई।
ये भी पढ़ें :“एक मोबाइल की जिद, और बुझ गई मासूम जिंदगी—समझाने पर गुस्सा बना जानलेवा”
कांगड़ा में सुबह से दोपहर बाद 4 बजे तक बारिश व तेज हवा चली। दिल्ली से फ्लाइटें तय समय पर नहीं पहुंचीं। तेज हवाओं से गेहूं की फसल खेतों में बिछ गई है। बिलासपुर में भी बारिश के साथ ओले गिरे। मंडी के सराज में देर शाम बर्फ पर फिसलने से कार खाई में गिर गई। इसमें पति की माैत हो गई और पत्नी जख्मी है।
आज भी बर्फबारी के आसार
प्रदेश के मध्य और उच्च पर्वतीय आठ जिलों में मंगलवार को भी बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में मौसम साफ रहने की संभावना है। 18-19 मार्च को कुल्लू, कांगड़ा व चंबा में भारी बारिश-बर्फबारी, जबकि चंबा, शिमला व सोलन में अंधड़ के साथ ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 22 तक मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है।

Author: Polkhol News Himachal









