best news portal development company in india

हमीरपुर में पेंशनरों का जोरदार प्रदर्शन, जनवरी 2016 से लंबित एरियर और अन्य देनदारियों के भुगतान की उठाई मांग

SHARE:

हमीरपुर में पेंशनरों का जोरदार प्रदर्शन, जनवरी 2016 से लंबित एरियर और अन्य देनदारियों के भुगतान की उठाई मांग

पेंशनरों की देनदारियों को बजट में शामिल करे सरकार, नहीं तो 30 मार्च को होगा विधानसभा का घेराव

रजनीश शर्मा । हमीरपुर

हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर सोमवार को जिले के पेंशनरों ने अपनी लंबित देनदारियों के भुगतान को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। पेंशनरों ने सरकार से मांग की कि जनवरी 2016 से देय संशोधित वेतनमान तथा पेंशन के एरियर का भुगतान आगामी बजट में सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा 30 मार्च को प्रदेश भर के हजारों पेंशनर विधानसभा का घेराव करेंगे।

हमीरपुर जिले के विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त पेंशनरों ने गांधी चौक में एकत्र होकर सरकार के खिलाफ रोष प्रकट किया। इस दौरान उपायुक्त के माध्यम से प्रदेश सरकार को ज्ञापन भी भेजा गया। पेंशनरों का कहना है कि कई वर्षों से उनकी वैध देनदारियों का भुगतान लंबित है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

संयुक्त संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रदेश सरकार ने अब तक पेंशनरों को संशोधित वेतनमान के एरियर, संशोधित ग्रेच्युटी, लीव एनकैशमेंट, कम्यूटेशन पेंशन तथा मेडिकल बिलों का भुगतान नहीं किया है। इन लंबित भुगतानों के कारण लाखों पेंशनरों में सरकार के प्रति रोष बढ़ता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 के बाद 13 प्रतिशत महंगाई भत्ते की किश्तें भी पेंशनरों को समय पर नहीं मिली हैं। नगर निकाय और विभिन्न बोर्ड-निगमों के पेंशनरों की स्थिति और भी दयनीय है, क्योंकि उनके भुगतान में लगातार देरी हो रही है।

संघर्ष समिति के नेताओं ने बताया कि इससे पहले भी कई बार प्रदेश सरकार को ज्ञापन भेजे गए और अधिकारियों के साथ बैठकें भी हुईं, लेकिन अब तक समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि आगामी बजट में पेंशनरों की सभी देनदारियों का प्रावधान किया जाए ताकि उन्हें राहत मिल सके।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बजट में पेंशनरों की मांगों को शामिल नहीं किया गया तो 30 मार्च को प्रदेशभर के हजारों पेंशनर विधानसभा के बाहर धरना-प्रदर्शन कर घेराव करेंगे।

प्रदर्शन में ये रहे मौजूद

प्रदर्शन में संयुक्त संघर्ष समिति के अध्यक्ष मनोहर ठाकुर, उपाध्यक्ष रमेश रत्नोत, होशियार सिंह, महासचिव यशवीर जम्बाल, वित्त सचिव विनोद शर्मा, प्रेस सचिव राज कुमार हमीरपुरी, उप महासचिव देशराज भरवाल, अतिरिक्त महासचिव मनोहर लाल, संगठन सचिव किशोरी लाल सहित विभिन्न विभागों के पेंशनर बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now