

कुछ वाहनों के चालान काटे गए जबकि अन्य को छोड़ा गया, कॉलोनीवासियों ने कार्रवाई पर उठाए सवाल
रजनीश शर्मा । हमीरपुर
हमीरपुर की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी वार्ड नंबर-7 के निवासियों ने एक पुलिस कर्मचारी पर कार्रवाई में भेदभाव बरतने का आरोप लगाया है। कॉलोनी के लोगों ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक हमीरपुर को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की जांच कराने की मांग की है।
शिकायत पत्र में बताया गया है कि 8 मार्च 2026 को एक एएसआई कॉलोनी में सड़क पर खड़े वाहनों को लेकर आई शिकायत के आधार पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कई वाहनों के चालान काटे। लेकिन कॉलोनीवासियों का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान कुछ वाहनों के खिलाफ ही चालान किए गए, जबकि उसी स्थान पर उसी तरह खड़े अन्य वाहनों को अनदेखा कर दिया गया।
निवासियों का कहना है कि कुछ लोगों के वाहन, जिनमें कार और स्कूटर शामिल थे, सड़क पर उसी प्रकार खड़े थे जैसे अन्य वाहन। इसके बावजूद उनके खिलाफ कोई चालान नहीं किया गया, जबकि अन्य निवासियों के वाहनों पर तुरंत चालान कर दिए गए। इससे कॉलोनी के लोगों में असंतोष और नाराजगी का माहौल बन गया।
शिकायत में कहा गया है कि कानून का पालन सभी पर समान रूप से लागू होना चाहिए और किसी भी तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए। कॉलोनीवासियों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि इस मामले में निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि किसी प्रकार की अनियमितता या पक्षपात पाया जाता है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।
कॉलोनी के निवासियों ने यह भी अनुरोध किया है कि भविष्य में इस प्रकार की कार्रवाई निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जाए ताकि सभी लोगों का कानून व्यवस्था पर विश्वास बना रहे।
Author: Polkhol News Himachal








