

हिमाचल : सात जिलों में दिन का पारा 30 डिग्री के पार; जानें कब बदलेगा मौसम
पोल खोल न्यूज़ | शिमला

हिमाचल प्रदेश में गर्मी का असर बढ़ने लगा है। वीरवार को प्रदेश के सात जिलों कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन और ऊना में अधिकतम तापमान 30 डिग्री से अधिक दर्ज हुआ। राजधानी शिमला, कांगड़ा, सोलन में मार्च के दौरान तीन साल बाद सबसे ज्यादा पारा रिकॉर्ड हुआ।
मौसम में आए इस बदलाव से मैदानों के साथ अब पहाड़ी क्षेत्रों में भी पसीने छूटने लगे हैं। सुबह और शाम के समय भी मौसम में ठंडक कम हो गई है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से 9 से 11 मार्च तक मध्य और उच्च पर्वतीय जिलों आठ जिलों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया गया है। मैदानी जिलों में 10 मार्च तक मौसम साफ रहेगा। 11 मार्च को चार मैदानी जिलों के मौसम में भी बदलाव आने की संभावना है। लगातार साफ मौसम और तेज धूप के चलते दिन के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम में आए इस बदलाव से प्रदेश के कई क्षेत्रों में मार्च की शुरुआत में ही गर्मी का अहसास होने लगा है।
ये भी पढ़ें:हिमाचल प्रदेश: सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों के 5,623 पदों के लिए 9,629 आवेदन
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता कम रहने के कारण बीते कुछ दिनों से प्रदेश में मौसम साफ बना हुआ है। इसके चलते दिन के तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। निचले और मध्य पर्वतीय जिलों में दिन के समय धूप काफी तेज हो गई है, जिससे लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा है।
राजधानी शिमला समेत मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में भी सुबह और शाम की ठंड अब कम होने लगी है। बीते कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके कारण पहाड़ी इलाकों में भी ठंड का असर कमजोर पड़ने लगा है।

Author: Polkhol News Himachal









