
परीक्षा तैयारी से वैज्ञानिक सोच तक -टौणी देवी विद्यालय में व्यापक शैक्षणिक आयोजन
पोल खोल न्यूज़ डेस्क । हमीरपुर

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टौणी देवी में वार्षिक परीक्षा की तैयारी को अधिक प्रभावी, उद्देश्यपूर्ण एवं तनावमुक्त बनाने के साथ-साथ विज्ञानं दिवस पर विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, तर्कशीलता और नवाचार की भावना विकसित करने के उद्देश्य से एक व्यापक शिक्षा संवाद एवं विज्ञान प्रदर्शनी का सफल आयोजन किया गया। इस आयोजन का मूल उद्देश्य परीक्षा-केंद्रित अध्ययन के साथ विद्यार्थियों के मानसिक, भावनात्मक, सामाजिक तथा नैतिक विकास को संतुलित रूप से सुदृढ़ करना रहा। शिक्षा संवाद कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। संवाद के दौरान विद्यार्थियों की सीखने की प्रक्रिया, वार्षिक परीक्षा की रणनीति, अनुशासन, सकारात्मक सोच, समय प्रबंधन तथा घर और विद्यालय के बीच प्रभावी समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर एवं सार्थक चर्चा की गई। अभिभावकों को बच्चों की नियमित अध्ययन आदतों, परीक्षा के समय सहयोगात्मक वातावरण तथा सकारात्मक प्रोत्साहन की भूमिका के बारे में भी अवगत कराया गया।

प्रधानाचार्य रजनीश रांगडा ने अपने संबोधन में कहा कि परीक्षा की तैयारी केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उसमें आत्मविश्वास, नैतिक मूल्य, अनुशासन और जीवन कौशल का समावेश भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अभिभावक अपने घर में शिक्षक होते हैं और शिक्षक विद्यालय में अभिभावकों की भूमिका निभाते हैं। दोनों के बीच निरंतर संवाद और विश्वास ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सशक्त नींव रखता है। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा परिणाम सुधारना नहीं, बल्कि समाज के लिए संस्कारी, सक्षम और जिम्मेदार नागरिक तैयार करना है। इसी क्रम में विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एक सामुदायिक स्वास्थ्य जागरूकता सत्र भी आयोजित किया गया। इस सत्र में कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर शिल्पा तथा जीव विज्ञान प्रवक्ता हेम लाल ने अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को एचपीवी टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किशोरावस्था में समय पर टीकाकरण भविष्य में गंभीर बीमारियों से बचाव में सहायक होता है तथा स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही बेहतर अध्ययन और सफल परीक्षा परिणामों का आधार होते हैं। अभिभावकों ने इस सत्र को अत्यंत उपयोगी और समयानुकूल बताया।

इसी शैक्षणिक दृष्टि को आगे बढ़ाते हुए राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत कलाम विज्ञान क्लब एवं रामानुजम गणित क्लब द्वारा कक्षा छठी से नवमी तक के विद्यार्थियों की विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित की गई। जिसका शुभारंभ विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री विकास शर्मा द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की विज्ञान प्रदर्शनियाँ विद्यार्थियों को रटंत परीक्षा-तैयारी से आगे बढ़ाकर उन्हें प्रयोग, नवाचार और तार्किक चिंतन की दिशा में प्रेरित करती हैं। उन्होंने शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों ने परीक्षा-अध्ययन में अर्जित वैज्ञानिक ज्ञान को व्यावहारिक रूप में प्रस्तुत किया। रोबोट,जल संचयन प्रणाली, सौर एवं पवन ऊर्जा उपकरण, प्रदूषण नियंत्रण उपाय, हाइड्रोलिक राकेट , स्वचालित यातायात नियंत्रण प्रणाली, जल शुद्धिकरण संयंत्र तथा ऊर्जा उत्पादन के साधनों पर आधारित मॉडल विद्यार्थियों की वैज्ञानिक समझ और रचनात्मक सोच को दर्शा रहे थे।

विभिन्न श्रेणियों में विजेता छात्रों को सम्मानित किया गया जिसमें विज्ञान कार्यशील मॉडल श्रेणी में कक्षा छठी में प्रथम अक्षिता,अनवी द्वितीय ऋतिक,राशिक,कक्षा सातवीं में प्रथम परिणिति, साक्षी, तनु, सेजल, द्वितीय प्रज्ञान ,शिवेन कक्षा आठवीं में प्रथम भावना,कनिका द्वितीय समर,क्रान्ति जबकि कक्षा नवमी में प्रथम आदित्य और द्वितीय शुशांत ,यशु रहे इस अवसर पर बच्चों ने विज्ञान के ऊपर गाने भी प्रस्तुत किए ।
प्रदर्शनी के समापन अवसर पर विभिन्न श्रेणियों में विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यार्थियों द्वारा विज्ञान विषय पर आधारित गीतों की प्रस्तुति ने कार्यक्रम को और अधिक प्रेरणादायी बना दिया। कार्यक्रम में शिक्षकगण राजेश, रेखा, अजय, रवि, अदिति, नेहा, लीना, कृष्ण, संजीव, कुसुम लता सहित अन्य अध्यापक उपस्थित रहे।
Author: Polkhol News Himachal









