

सुजानपुर में विकास कार्यों का देर रात निरीक्षण, विधायक कैप्टन रणजीत सिंह की सक्रियता चर्चा में
पोल खोल न्यूज़ | सुजानपुर / हमीरपुर

सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को लेकर विधायक कैप्टन रणजीत सिंह की सक्रियता इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर जारी निर्माण एवं जनसुविधा से जुड़े कार्यों का निरीक्षण वे दिन के साथ-साथ देर रात भी कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, विधायक ने बीती रात भी अलग-अलग स्थानों का दौरा कर सड़कों, नालों, वर्षा शालिकाओं, सामुदायिक भवनों एवं अन्य विकास परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों व ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण किए जाएं।
ये भी पढ़ें: सफलता की नई उड़ान: आकाश हमीरपुर का JEE Main 2026 में जलवा
निरीक्षण के दौरान विधायक ने मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों से भी बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनता की सुविधाओं से जुड़े हर कार्य की व्यक्तिगत निगरानी की जाएगी। विधायक ने कहा कि विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि धरातल पर गुणवत्ता के साथ पूर्ण हों, यही उनकी प्राथमिकता है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि रात के समय भी विकास कार्यों का निरीक्षण करना जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। स्थानीय लोगों ने इसे सकारात्मक पहल बताते हुए उम्मीद जताई कि इससे कार्यों में तेजी और पारदर्शिता आएगी।
विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने कहा कि वे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं और जब तक सभी परियोजनाएं संतोषजनक ढंग से पूरी नहीं हो जातीं, वे इसी प्रकार नियमित निरीक्षण करते रहेंगे।

Author: Polkhol News Himachal









