

हिमाचल: स्कूल निरीक्षण में खुलासा, हाजिरी लगाकर चला गया शिक्षक; अनुशासनात्मक कार्रवाई के आदेश
पोल खोल न्यूज़ | सिरमौर

शीतकालीन छुट्टियां समाप्त होते ही स्कूलों की व्यवस्था परखने निकले प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक राजीव ठाकुर के निरीक्षण में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बता दें कि मरयोग स्कूल में निरीक्षण के दौरान एक जेबीटी शिक्षक की हाजिरी लगी थी लेकिन वे लापता मिले। न तो छुट्टी की अर्जी थी और न ही फील्ड ड्यूटी का कोई आदेश। इसके बाद विभाग ने लापरवाह शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर ली है।
उल्लेखनीय है कि जिला के शीतकालीन स्कूलों में 42 दिन का अवकाश समाप्त होने के बाद वीरवार से नए शिक्षा सत्र की शुरुआत हुई। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक राजीव ठाकुर नए सत्र के पहले ही दिन स्कूलों की व्यवस्था जांचने के लिए निकले। सबसे पहले उन्होंने शिक्षा खंड राजगढ़ के अंतर्गत प्राथमिक व वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दुधम मतियाना का निरीक्षण किया। यहां पहले दिन विद्यार्थियों की उपस्थिति बेहद कम मिली। प्राथमिक स्कूल में 34 में से केवल 11 और वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में 91 में से मात्र 28 विद्यार्थी ही उपस्थित थे।
ये भी पढ़ें :हिमाचल के लोगों को राहत, निजी भूमि पर सूखे-गले खैर कटान पर रोक नहीं
वहीं, इसके बाद उपनिदेशक ने शिक्षा खंड नारग की प्राथमिक पाठशाला मरयोग का निरीक्षण किया। इस स्कूल में भी 10 में से केवल दो विद्यार्थी ही मौजूद मिले। हैरानी की बात यह रही कि स्कूल में एक जेबीटी शिक्षक ने सुबह उपस्थिति दर्ज कराई। जब उपनिदेशक पहुंचे तो वे अनुपस्थित मिले। न तो शिक्षक ने छुट्टी के लिए कोई आवेदन किया था और न ही किसी सरकारी कार्य का कोई आदेश स्कूल में उपलब्ध था।
उपनिदेशक राजीव ठाकुर ने इस पर नाराजगी जताई और अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। मरयोग के बाद उन्होंने प्राथमिक पाठशाला दाड़ो देवरिया का भी औचक निरीक्षण किया। यहां भी विद्यार्थियों की उपस्थिति कम पाई गई। स्कूल में 36 में से केवल 19 बच्चे ही उपस्थित थे। उपनिदेशक ने इन सभी स्कूल प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे अभिभावकों को बच्चों को रोजाना नियमित रूप से स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करें।
प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक राजीव ठाकुर ने बताया कि निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को मार्गदर्शन देना था, ताकि विद्यार्थी पहले ही दिन से नियमित रूप से स्कूल आएं। उन्होंने कहा कि अक्सर देखा जाता है कि अवकाश समाप्त होने के बाद कई दिनों तक विद्यार्थी स्कूल नहीं आते। स्कूल से गायब पाए शिक्षक के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा रही है।

Author: Polkhol News Himachal










