best news portal development company in india

डीसी गंधर्वा राठौड़ ने की राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव की तैयारियों की समीक्षा

SHARE:

  • डीसी गंधर्वा राठौड़ ने की राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव की तैयारियों की समीक्षा

  • सभी उपसमितियों को विभिन्न प्रबंधों एवं गतिविधियों को अंतिम रूप देने के निर्देश

पोल खोल न्यूज़ डेस्क | हमीरपुर

उपायुक्त एवं राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव सुजानपुर-2026 की आयोजन समिति की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़ ने मंगलवार को यहां हमीर भवन में जिला एवं उपमंडल स्तर के अधिकारियों के साथ बैठक करके उत्सव की तैयारियों की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उत्सव के सफल आयोजन के लिए आवश्यक प्रबंध करने तथा विभिन्न गतिविधियों की रूपरेखा तय करने हेतु पहले ही उपसमितियों का गठन किया जा चुका है और संबंधित अधिकारियों को जिम्मेवारियां भी सौंपी जा चुकी हैं। इसलिए, सभी उपसमितियां 20 फरवरी तक सभी आवश्यक प्रबंधों एवं गतिविधियों की रूपरेखा तय कर लें और इनसे संबंधित डिमांड्स एवं एस्टीमेट भी तैयार कर लें, ताकि इन पर होने वाले खर्चों का आकलन किया जा सके।

उन्होंने कहा कि उत्सव के आयोजन स्थल चौगान में प्लाट एवं स्टॉल आवंटन, तहबाजारी, पार्किंग, कला केंद्र के मंच और इसके आस-पास की सभी व्यवस्थाओं, प्रतिभागियों और डयूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए भोजन इत्यादि सुविधाओं, उत्सव के निमंत्रण कार्ड एवं स्मारिका के प्रकाशन, सांस्कृतिक संध्याओं के आयोजन और अन्य प्रबंधों से संबंधित निविदाएं अतिशीघ्र जारी कर दी जाएंगी। उपायुक्त ने कहा कि मेले के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने तथा किसी भी तरह की दुर्घटना को रोकने के लिए दुकानों एवं स्टॉलों के बीच पर्याप्त खाली जगह रहनी चाहिए। पुलिस और अग्निशमन विभाग के मानकों के अनुसार ही प्लाट आवंटन होना चाहिए। झूलों के निरीक्षण के लिए भी एक अलग तकनीकी समिति बनाई गई है।

ये भी पढ़ें: राजस्व घाटा अनुदान बंद होने पर भाजपा की चुप्पी हिमाचल विरोधी: प्रेम कौशल

उपायुक्त ने कहा कि स्थानीय विधायक के निर्देशानुसार उत्सव में आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताओं में इस बार अधिक से अधिक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी और इस बार कई नई खेलें शामिल की जाएंगी। सांस्कृतिक संध्याओं में कलाकारों के चयन के लिए एडीसी की अध्यक्षता में उपसमिति का गठन किया गया है।

उत्सव के शुभारंभ और समापन अवसर पर आयोजित होने वाली शोभायात्रा, उत्सव के दौरान अतिरिक्त बसों के प्रावधान तथा अन्य प्रबंधों को लेकर भी बैठक में व्यापक चर्चा की गई। इस अवसर पर एडीसी अभिषेक गर्ग, एएसपी राजेश कुमार, एसडीएम सुजानपुर विकास शुक्ला, एसडीएम हमीरपुर संजीत सिंह और सहायक आयुक्त चिराग शर्मा ने उत्सव की तैयारियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।

Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now