best news portal development company in india

31 मार्च तक चकाचक होगा हमीरपुर–आवाहदेवी नेशनल हाईवे-03, दरोगण में बन रहा आधुनिक रेस्ट एरिया

SHARE:

31 मार्च तक चकाचक होगा हमीरपुर–आवाहदेवी नेशनल हाईवे-03, दरोगण में बन रहा आधुनिक रेस्ट एरिया

रजनीश शर्मा। हमीरपुर

हमीरपुर से आवाहदेवी तक नेशनल हाईवे नंबर-03 का निर्माण कार्य अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। निर्माण कंपनी की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं कि आगामी 31 मार्च तक इस हाईवे का निर्माण कार्य पूर्ण कर यातायात के लिए खोल दिया जाए। कंपनी के अनुसार अब तक करीब 90 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।

हालांकि, कुछ स्थानों पर स्थानीय स्तर पर आपसी जमीनी रास्तों से जुड़े विवादों के चलते शेष करीब 10 प्रतिशत कार्य प्रभावित हुआ था। इन विवादों को लेकर कुछ लोग अनावश्यक रूप से निर्माण कंपनी को जिम्मेदार ठहराने की कोशिश कर रहे थे। इस पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि विकास कार्यों में बाधा डालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासनिक सहयोग से अब शेष कार्य भी तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और इसे तय समय से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

बेहतर सड़क सुविधा से बदलेगी तस्वीर

शुरुआती दिक्कतों के बावजूद नेशनल हाईवे-03 हमीरपुर से आवाहदेवी तक क्षेत्र को बेहतर सड़क सुविधा देने में पूरी तरह सक्षम होगा। हाईवे के पूरा होने से न केवल यात्रियों को आरामदायक और सुरक्षित सफर मिलेगा, बल्कि समय और ईंधन की भी बड़ी बचत होगी। इसके साथ ही, हाईवे पर बनाए गए बाईपासों के आसपास नई मार्केट, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खुलने की भी प्रबल संभावनाएं हैं, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार और व्यापार के नए अवसर मिलेंगे।

दरोगण में बन रहा आधुनिक रेस्ट एरिया

नेशनल हाईवे नंबर-03 के प्वाइंट नंबर 149, दरोगण गांव में यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस रेस्ट एरिया का निर्माण कार्य जोरों पर है। यहां रेस्टीरिया, कैफेटेरिया, कार पार्किंग, वॉशरूम और टॉयलेट की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

हाईवे इंजीनियर अंकित सिंह ने बताया कि कैफेटेरिया में हाईवे से गुजरने वाले यात्रियों और वाहन चालकों के लिए चाय, कॉफी और स्नैक्स की सुविधा रहेगी। इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए यहां सोलर प्लांट भी लगाया जा रहा है।

सुरक्षित और सुहाना होगा सफर

कुल मिलाकर, आने वाले दिनों में हमीरपुर से आवाहदेवी तक का सफर न केवल सुहाना और आरामदायक होगा, बल्कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह नेशनल हाईवे क्षेत्र के विकास को नई गति देगा।

Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now