
भोरंज नगर पंचायत को ₹1.06 करोड़ की सौगात, विकास को मिलेगी नई रफ्तार
रजनीश शर्मा। हमीरपुर
भोरंज नगर पंचायत क्षेत्र के लिए शहरी विकास विभाग द्वारा एक करोड़ छह लाख बयासी हज़ार रुपये की धनराशि जारी की गई है। यह राशि पहली किस्त के रूप में प्रदान की गई है, जबकि दूसरी किस्त शीघ्र जारी किए जाने की तैयारी है। इस आर्थिक सहयोग से भोरंज नगर पंचायत में विभिन्न विकास कार्यों को तेज़ी मिलेगी।
विधायक सुरेश कुमार ने बताया कि इस धनराशि से नगर पंचायत क्षेत्र में पक्के रास्तों का निर्माण, स्ट्रीट लाइट की स्थापना, जनसुविधा शौचालय, कूड़ा निस्तारण संयंत्र सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं के कार्य शीघ्र शुरू किए जाएंगे। साथ ही नगर पंचायत कार्यालय के रूप में “नगर टाउन हॉल” के लिए भूमि चयन की प्रक्रिया चल रही है, जहां भविष्य में संपूर्ण कार्यालय स्थापित किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: सीएम सुक्खू ने हमीरपुर वासियों को 50 करोड़ रुपए बजट के शॉपिंग कांप्लैक्स के रूप में दी बड़ी सौगात
उन्होंने जानकारी दी कि सुलभ शौचालय निर्माण के लिए बस्सी चौक और तरकबाड़ी बाज़ार में स्थल चयन कर लिया गया है तथा निर्माण कार्य का टेंडर भी जारी हो चुका है। जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
विधायक सुरेश कुमार ने प्रशासन से निर्माण कार्यों में तेज़ी लाने और स्थानीय जनता से सहयोग की अपील की, ताकि भोरंज के शहरीकरण और सौंदर्यीकरण को गति मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि भोरंज में वरिष्ठ नागरिक केंद्र, रिक्रिएशन सेंटर और इंडोर स्टेडियम का निर्माण प्रस्तावित है। इसके अलावा भोरंज मुख्यालय में खेल मैदान का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसे शीघ्र ही आमजन की सुविधा के लिए समर्पित किया जाएगा।
कुल मिलाकर, भोरंज विधानसभा क्षेत्र विकास की राह पर तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और आने वाले समय में नगर को आधुनिक सुविधाओं की नई पहचान मिलने वाली है।
Author: Polkhol News Himachal









