
पोल खोल न्यूज
06/02/2026
🇮🇳 कर्तव्य पथ से बारी गांव तक: एनसीसी कैडेट अनुराधा चौहान का भव्य स्वागत
पोल खोल न्यूज चैनल से विशेष बातचीत

रजनीश शर्मा । हमीरपुर/टौणी देवी

रिपब्लिक डे परेड में कर्तव्य पथ, नई दिल्ली पर कदमताल कर लौटी टौणी देवी क्षेत्र के बारी गांव की एनसीसी कैडेट अनुराधा चौहान का क्षेत्र में भव्य स्वागत किया गया। अनुराधा वर्तमान में चंडीगढ़ में अध्ययनरत हैं। देशसेवा की मजबूत पारिवारिक परंपरा से जुड़ी अनुराधा के दादा स्वर्गीय अन्नत राम भारतीय सेना में सेवाएं दे चुके हैं, जबकि पिता सुनील चौहान पूर्व सैनिक हैं। माता अर्चना चौहान राजनीति में सक्रिय रहते हुए महिला सशक्तिकरण की मिसाल पेश कर रही हैं।

इस अवसर पर पोल खोल न्यूज चैनल ने अनुराधा से खास बातचीत की।
🎤 सवाल–जवाब
सवाल 1: कर्तव्य पथ पर रिपब्लिक डे परेड का हिस्सा बनना आपके लिए कितना खास रहा?
अनुराधा: यह मेरे जीवन का सबसे गर्व का पल रहा। देश के सामने परेड का हिस्सा बनना हर एनसीसी कैडेट का सपना होता है।

सवाल 2: इस सफलता का श्रेय आप किसे देना चाहेंगी?
अनुराधा: अपने दादा, पिता और माता को। उनके संस्कार, अनुशासन और प्रेरणा ने मुझे यहां तक पहुंचाया।

सवाल 3: पारिवारिक पृष्ठभूमि ने आपके व्यक्तित्व को कैसे आकार दिया?
अनुराधा: सेना और समाजसेवा से जुड़ा माहौल मुझे देश, अनुशासन और जिम्मेदारी के प्रति हमेशा सजग रखता है।

सवाल 4: आज की बेटियों के लिए आपका क्या संदेश है?
अनुराधा: बेटियां किसी से कम नहीं हैं। अगर लक्ष्य साफ हो और मेहनत सच्ची हो तो हर मुकाम हासिल किया जा सकता है।

सवाल 5: भविष्य में आप खुद को किस रूप में देखती हैं?
अनुराधा: मैं देशसेवा से जुड़े क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहती हूं और एनसीसी के मूल्यों को जीवन में अपनाए रखना चाहती हूं।


Author: Polkhol News Himachal









