
सोलन: अनुसंधान अधिकारी आत्महत्या मामला, पत्नी के बयान पर अज्ञात अधिकारियों पर केस दर्ज
पोल खोल न्यूज़ । सोलन
सोलन जिला सांख्यिकी कार्यालय में तैनात रहे अनुसंधान अधिकारी प्रेम प्रकाश भगनाल की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने औपचारिक जांच शुरू कर दी है। हाब्बन क्षेत्र के कोढ़ब बागना निवासी प्रेम प्रकाश की पत्नी प्रीति के बयान के आधार पर पुलिस ने अज्ञात कर्मचारियों व अधिकारियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। एसपी एनएस नेगी ने बताया कि सुसाइड नोट में किसी व्यक्ति का नाम स्पष्ट रूप से दर्ज नहीं है, इसी कारण फिलहाल अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। जांच के दौरान जैसे-जैसे नाम सामने आएंगे, उन्हें केस में नामजद किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: भोरंज में युवक की रहस्यमयी मौत, कमरे से सिरिंज व नशीला पदार्थ मिलने से ओवरडोज की आशंका
पत्नी प्रीति ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि विभागीय अधिकारियों द्वारा लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने के कारण उनके पति ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। उन्होंने सुसाइड नोट के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार, प्रेम प्रकाश अपने कार्यस्थल और मुख्यालय से जुड़े मामलों को लेकर लंबे समय से परेशान थे। इसके अलावा चंबा से स्थानांतरण और नियमितीकरण से जुड़े मामलों में भी उन्हें लगातार दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जिससे वे मानसिक तनाव में आ गए थे। पुलिस ने सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।
🟦 इन्फो बॉक्स
मामला: अनुसंधान अधिकारी आत्महत्या प्रकरण
मृतक: प्रेम प्रकाश भगनाल
पदस्थापना: जिला सांख्यिकी कार्यालय, सोलन
एफआईआर: आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में
आरोप: विभागीय अधिकारियों द्वारा मानसिक प्रताड़ना
पुलिस बयान: जांच जारी, नाम सामने आने पर होंगे नामजद

Author: Polkhol News Himachal









