best news portal development company in india

घाटे से उबरने की कोशिश: बघाट बैंक ने शुरू की शेयर बिक्री प्रक्रिया

SHARE:

घाटे से उबरने की कोशिश: बघाट बैंक ने शुरू की शेयर बिक्री प्रक्रिया

पोल खोल न्यूज़ । सोलन 

घाटे से उबरने और बैंक पर लगी कैपिंग हटवाने के उद्देश्य से बघाट बैंक ने अपने शेयर बेचने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मंगलवार से शुरू हुई इस पहल के तहत महज दो दिनों में करीब 1.60 लाख रुपये के शेयर खरीदने के लिए लोग आगे आए हैं। कई ग्राहकों ने अपनी एफडीआर से भी शेयर खरीदने को लेकर बैंक अधिकारियों से संपर्क किया है। अब बैंक प्रबंधन इस संबंध में औपचारिक मंजूरी के लिए मामला रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) को भेजेगा।

मौजूदा समय में बघाट बैंक का एक शेयर 50 रुपये में दिया जा रहा है। इच्छुक आवेदकों के लिए कम से कम 500 रुपये के शेयर खरीदना अनिवार्य रखा गया है। शहर के कई कारोबारियों के साथ-साथ पुराने शेयर होल्डर भी इसमें रुचि दिखा रहे हैं। बैंक के करीब 11 हजार शेयर होल्डर हैं, जिन्हें नए शेयर खरीदने की अनुमति है। आरबीआई ने भी बैंक को पूंजी बढ़ाने के लिए शेयर बेचने का सुझाव दिया था, जिसके बाद बैंक ने यह निर्णय लिया। बैंक प्रबंधन स्वयं शहर के कारोबारियों से संपर्क कर उन्हें शेयर खरीदने के लिए प्रेरित कर रहा है।

बैंक की वित्तीय स्थिति फिलहाल संतोषजनक नहीं है। करीब चार माह से बैंक पर कैपिंग लगी हुई है। हालांकि बैंक का एनपीए 138 करोड़ रुपये से घटकर 114 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, लेकिन कैपिंग हटाने के लिए आय में वृद्धि आवश्यक है। वर्तमान में बैंक में नई धनराशि जमा नहीं हो पा रही है। ऐसे में शेयर बिक्री से बैंक की आय बढ़ेगी और इससे कैपिंग हटाने की प्रक्रिया में मदद मिलने की उम्मीद है।

17 फरवरी को होगी एजीएम

बघाट बैंक की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) 17 फरवरी को आयोजित की जाएगी। इसमें बैंक के करीब 399 डेलीगेट्स के अलावा अधिकारी और कर्मचारी भाग लेंगे। चार साल बाद होने जा रही इस एजीएम में बैंक पर लगी कैपिंग और घाटे से उबरने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी। इसके साथ ही शेयर बिक्री के मुद्दे पर भी मंथन किया जाएगा और डेलीगेट्स से शेयर खरीदने का आग्रह किया जाएगा।

ये भी पढ़ें : पंचायत चुनाव मामला: हिमाचल हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंची सुक्खू सरकार

8 अक्तूबर से लगी है कैपिंग

बघाट बैंक पर बीते वर्ष 8 अक्तूबर से छह माह के लिए कैपिंग लागू है। इसके तहत ग्राहकों को केवल 10 हजार रुपये निकालने की अनुमति दी गई थी, जिसे सभी ग्राहक निकाल चुके हैं। वहीं करीब 4000 ग्राहकों को बीमा के तहत निर्धारित पांच लाख रुपये तक की राशि भी मिल चुकी है। वर्तमान में बैंक के करीब 77 हजार ग्राहक हैं।

बैंक के प्रबंध निदेशक राज कुमार कश्यप ने बताया कि बैंक ने शेयर बेचने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और दो दिनों में ही 1.60 लाख रुपये के शेयरों के लिए आवेदन आ चुके हैं। अंतिम मंजूरी आरबीआई से मिलते ही औपचारिक रूप से शेयर बिक्री तेज की जाएगी। उनका कहना है कि शेयर बिक्री से बैंक काफी हद तक मौजूदा वित्तीय संकट से बाहर निकल सकेगा।

इन्फो बॉक्स

बैंक का नाम: बघाट बैंक

शेयर मूल्य: 50 रुपये प्रति शेयर

न्यूनतम निवेश: 500 रुपये

अब तक शेयर खरीद: 1.60 लाख रुपये (दो दिन में)

कुल शेयर होल्डर: करीब 11,000

एनपीए: 114 करोड़ रुपये

कैपिंग लागू: 8 अक्तूबर से (6 माह)

एजीएम की तिथि: 17 फरवरी

Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now