best news portal development company in india

हिमाचल में फिर से बारिश बर्फबारी का अलर्ट, अभी तक 652 सड़कें बंद

SHARE:

हिमाचल में फिर से बारिश बर्फबारी का अलर्ट, अभी तक 652 सड़कें बंद

पोल खोल न्यूज़ | शिमला

हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम बिगड़ने वाला है। हिमाचल प्रदेश में आगामी दिनों में भारी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि इस बार पश्चिमी विक्षोभ का असर ऊंचाई वाले इलाकों में ज्यादा देखने को मिलेगा। 1 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश में ज्यादा एक्टिव होगा। जिसके चलते जिला कुल्लू, चंबा और लाहौल-स्पीति समेत अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी और अन्य मध्यम ऊंचाई वाले और निचले व मैदानी इलाकों में बारिश होने की संभावना है। जिसे लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है।

वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मौसम वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि “आज 30 जनवरी से प्रदेश को एक नया पश्चिमी विक्षोभ प्रभावित कर सकता है। जिसका असर 31 जनवरी और 1 फरवरी को ज्यादा होगा। 1 फरवरी को पूरे प्रदेश में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी हो सकती है। इसके साथ प्रदेश में कहीं-कहीं गरज के साथ बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। जिससे चलते प्रदेश में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम में बदलाव के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है।

ये भी पढ़ें :हिमाचल : बर्फबारी में भी नहीं सताएगी लोगों को राशन की कमी, इन क्षेत्रों में डिपुओं में मिलेगा बैकलॉग कोटा

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक प्रदेश में आज से बारिश-बर्फबारी का सिलसिला शुरू होगा जो कि 3 फरवरी तक जारी रहने की संभावना है। जनवरी महीने में अब तक सामान्य से 29 फीसदी ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है।

  • 30 जनवरी को ऊंचाई वाले इलाकों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है।
  • 31 जनवरी को ऊंचाई और मध्यम पर्वतीय इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी हो सकती है। जबकि निचले व मैदानी इलाकों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने के आसार हैं।
  • 1 फरवरी को प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ ज्यादा एक्टिव होगा, जिसके चलते प्रदेशभर में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। जिसे लेकर मौसम विभाग ने प्रदेशभर में येलो अलर्ट जारी किया है।

  • 2 फरवरी को ऊंचे और मध्यम पहाड़ी इलाकों में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है, जबकि निचले व मैदानी इलाकों में एक-दो जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है।
  • 3 फरवरी को प्रदेश में ऊंचाई और मध्यम पर्वतीय इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने के आसार हैं। वहीं, निचले व मैदानी इलाकों में एक-दो जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।
  • वहीं, 4 फरवरी को बारिश-बर्फबारी का दौर थमेगा और प्रदेशभर में मौसम साफ रहेगा।

652 सड़कें बंद, 669 ट्रांसफार्मर ठप

वहीं, प्रदेश में 27 जनवरी को ऊंचाई और मध्यम पर्वतीय वाले इलाकों में हुई भारी बर्फबारी के चलते हालात अभी तक सामान्य नहीं हो पाए हैं। बर्फबारी के चलते जहां किसानों-बागवानों ने राहत की सांस ली है। वहीं, इन इलाकों में जनजीवन अस्त व्यस्त हो चुका है। प्रदेश में अभी तक 3 नेशनल हाईवे समेत करीब 652 सड़कें अभी भी बाधित हैं. जबकि 669 बिजली ट्रांसफार्मर ठप पड़े हैं। जिसके चलते कई इलाकों में बिजली गुल है। प्रदेश में 147 पेयजल योजनाएं भी बंद पड़ी हैं, जिसके चलते लोगों को पेयजल संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिनकी बहाली के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now