
हिमाचल में आज भारी बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट, तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि की संभावना
पोल खोल न्यूज़ | शिमला
हिमाचल प्रदेश में मौसम फिर से करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने आज प्रदेशभर में भारी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना जताई है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है और ठंड में बढ़ोतरी होने के आसार हैं। गौरतलब है कि इससे पहले 23 जनवरी को प्रदेशभर में भारी बारिश और बर्फबारी हुई थी। जिससे लंबे समय से चला आ रहा ड्राई स्पेल टूटा था और किसानों-बागवानों ने राहत की सांस ली थी। ऐसे में आज फिर से भारी बारिश-बर्फबारी होने से यातायात बाधित हो सकता है और बिजली-पानी संबंधी दिक्कतें भी आ सकती हैं।
वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के पूर्वानुमान के मुताबिक आज ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बारिश-बर्फबारी होने के आसार हैं। लाहौल-स्पीति, कुल्लू, चंबा और किन्नौर में भारी बर्फबारी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि मध्यम पर्वतीय इलाकों में अधिकांश स्थानों पर भारी बारिश-बर्फबारी और निचले व मैदानी इलाकों में ज्यादातर जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है। जिसके चलते ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
ये भी पढ़ें :भारी गांव में गूंजा मनरेगा बचाओ संघर्ष अभियान, ग्रामीणों ने लिया संघर्ष को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प
प्रदेश में आज भारी बारिश-बर्फबारी के साथ 40-50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी चेतावनी दी गई है। इसके अलावा कई जगहों पर बिजली और गर्जना की भी संभावना है। सोलन और सिरमौर जिले में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि के भी आसार हैं। वहीं, भारी बारिश और बर्फबारी के चलते प्रदेश में कोल्ड वेव को भी अलर्ट जारी किया गया है। समूचा प्रदेश आज शीतलहर की चपेट में रहने वाला है।
वहीं, भारी बारिश-बर्फबारी के अलर्ट के बीच कुल्लू जिले में मनाली और बंजार में सभी शिक्षण संस्थान बंद रहने वाले हैं। जिसके आदेश डीसी कुल्लू ने जारी कर दिए हैं. डीसी कुल्लू तोरुल एस रवीश ने कहा कि ‘बीते दिनों हुई भारी बारिश और बर्फबारी के बाद जिले में अभी भी 65 सड़कें बंद पड़ी हुए हैं। हालांकि बीआरओ और एनएचएआई द्वारा सड़कों को खोलने का काम किया जा रहा है, लेकिन फिर भी अभी तक कई लिंक रोड बंद है। सड़कों पर बर्फ होने से फिसलन बढ़ गई है, जिसके कारण अब भी मनाली से ट्रैफिक मूवमेंट धीमा बना हुआ है। ऐसे में आज के मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का फैसला लिया गया है, ताकि छात्रों को किसी तरह की दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
मौसम विभाग के अनुसार, बर्फबारी के चलते सड़कों के बंद होने, बिजली और पेयजल योजनाओं के प्रभावित होने का खतरा भी बढ़ सकता है। खासकर पर्यटकों, स्थानीय निवासियों और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अत्यधिक सतर्क रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने भी आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट मोड पर रखा है और लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
वहीं, अगर बात करें आगामी दिनों की तो 28 जनवरी को प्रदेश के ऊंचाई वाले और मध्यम पर्वतीय इलाकों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। जबकि निचले व मैदानी इलाकों में मौसम साफ रहेगा। 29 जनवरी को प्रदेशभर में मौसम साफ रहेगा। 30 जनवरी को ऊंचे पहाड़ी इलाकों में एक-दो जगहों पर हल्की बर्फबारी की संभावना है. बाकी प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहेगा। वहीं, 31 जनवरी को प्रदेशभर में कुछ जगहों पर हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। जबकि 1 फरवरी को ऊंचाई और मध्य पहाड़ी इलाकों कुछेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी, जबकि निचले व मैदानी इलाकों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है।


Author: Polkhol News Himachal









