
हमीरपुर में चिट्टे पर करारा प्रहार, पुलिस की सख्ती से 80% ज्यादा मामले उजागर, नशा नेटवर्क पर कसता शिकंजा
रजनीश शर्मा। हमीरपुर

प्रदेश सरकार की नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति को ज़मीन पर उतारते हुए हमीरपुर पुलिस ने चिट्टे जैसे घातक नशे के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की सक्रियता, खुफिया तंत्र और जागरूक जनता के सहयोग से गत वर्ष 2025 में नशे से जुड़े मामलों में बीते वर्ष 2024 की तुलना में करीब 80 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ खुलासे हुए हैं। इसे नशे के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में एक मजबूत और निर्णायक कदम माना जा रहा है।
आंकड़े बताते हैं कि वर्ष 2024 में नशे से जुड़े 65 मामले दर्ज हुए थे, जिनमें 108 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं 2025 में पुलिस की सख्ती और प्रभावी रणनीति के चलते 119 मामले सामने आए और 191 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा गया। विशेषज्ञों का मानना है कि मामलों का सामने आना यह दर्शाता है कि पुलिस छिपे नेटवर्क तक पहुंचने में सफल हो रही है और अपराधियों को लगातार दबोचा जा रहा है।
पुलिस का यह भी कहना है कि नशे पर प्रभावी कार्रवाई का असर अन्य अपराधों पर भी दिख रहा है। जिले में अपराधों पर नियंत्रण के लिए नई और सख्त कार्यप्रणाली अपनाई गई है, जिसके तहत हर आरोपी का पिछला और वर्तमान आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। यदि कोई आरोपी सरकारी या गैर-सरकारी सेवा में पाया जाता है, तो उसकी जानकारी संबंधित विभाग को तुरंत भेजी जा रही है, ताकि भविष्य में अपराध पर स्थायी अंकुश लगाया जा सके।
एसपी हमीरपुर बलबीर सिंह ठाकुर ने बताया कि पुलिस की मुस्तैदी से चिट्टे पर करारा प्रहार हुआ है और बड़ी संख्या में आरोपी गिरफ्त में आए हैं। उन्होंने कहा कि अभियान आगे भी और तेज़ किया जाएगा।
Author: Polkhol News Himachal









