
डंके की चोट पर : सुक्खू सरकार का चिट्टे के आरोपी पुलिस कर्मचारियों पर बड़ा प्रहार, 11 पुलिस कर्मी बर्खास्त
हिमाचल में नशे के खिलाफ ऐतिहासिक फैसला
रजनीश शर्मा। हमीरपुर
हिमाचल प्रदेश सरकार ने चिट्टे और नशे के कारोबार पर चोट करते हुए सोमवार को बड़ा और कड़ा फैसला लिया है। नशे से जुड़े मामलों में संलिप्त पाए गए 11 पुलिस कर्मियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। यह कार्रवाई प्रदेश सरकार की नशा विरोधी शून्य सहिष्णुता नीति के तहत की गई है।
सरकार ने साफ संदेश दिया है कि कानून की रक्षा करने वाली वर्दी में बैठकर कानून तोड़ने वालों के लिए पुलिस बल में कोई स्थान नहीं है। यह कार्रवाई भारतीय संविधान के अनुच्छेद 311(2)(बी) के तहत की गई है, जो असाधारण परिस्थितियों में बिना विभागीय जांच सीधे बर्खास्तगी का प्रावधान करता है।
सिस्टम के भीतर बैठे गुनहगारों पर सीधी चोट
चिट्टे के खिलाफ सरकार के इस सख्त फैसले को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में चल रही नशा विरोधी मुहिम की अब तक की सबसे कड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि चाहे कोई भी पद पर क्यों न हो, एनडीपीएस एक्ट जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्तता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस फैसले से न सिर्फ पुलिस विभाग में बल्कि पूरे प्रदेश में एक सख्त और स्पष्ट संदेश गया है कि नशे के खिलाफ लड़ाई में सरकार किसी भी स्तर पर समझौता नहीं करेगी।
पोल खोल न्यूज चैनल ने आज सुबह ही उठाई आवाज
गौरतलब है कि पोल खोल न्यूज चैनल ने सोमवार सुबह ही इस पूरे मामले को प्रमुखता से उठाया था और चिट्टे के खिलाफ सरकार की नीति की सराहना की थी। चैनल की रिपोर्ट के बाद यह कार्रवाई प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है।
*डंके की चोट पर : चिट्टे की सप्लाई में खाकी पर भी दाग? — सुक्खू सरकार के सख्त प्रहार से मचा हड़कंप, सिस्टम की सफाई की ओर बढ़ते कदम*

इन्फो बॉक्स : सेवा से बर्खास्त किए गए पुलिस कर्मी
🔴 एनडीपीएस एक्ट मामलों में संलिप्तता के चलते बर्खास्त
- इंस्पेक्टर नीरज कुमार – भारतीय रिजर्व बटालियन, बनगढ़
- कांस्टेबल शुभम ठाकुर – जिला बिलासपुर
- कांस्टेबल कपिल – भारतीय रिजर्व बटालियन, पंडोह
- कांस्टेबल शिव कुमार – एसडीआरएफ
- कांस्टेबल लक्ष्य चौहान – जिला शिमला पुलिस
- कांस्टेबल/ड्राइवर विशाल ठाकुर – एसवी एंड एसीबी
- कांस्टेबल गौरव वर्मा – भारतीय रिजर्व बटालियन, जंगलबैरी
- कांस्टेबल/ड्राइवर संदीप राणा – भारतीय रिजर्व बटालियन, सकोह
- कांस्टेबल अंकुश कुमार – एसडीआरएफ
- कांस्टेबल रजत चंदेल – स्टेट सीआईडी
- कांस्टेबल राहुल वर्मा – जिला शिमला पुलिस
नशे पर जीरो टॉलरेंस, वर्दी में अपराध नहीं चलेगा
हिमाचल सरकार का यह फैसला नशे के खिलाफ चल रही लड़ाई में मील का पत्थर माना जा रहा है। साफ है—अब चिट्टे के कारोबार में लिप्त लोगों के लिए न वर्दी ढाल बनेगी और न पद।
✍️ रजनीश शर्मा (वरिष्ठ पत्रकार)
📱 मोबाइल नंबर : 9882751006
Author: Polkhol News Himachal









