
सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के तपालधार गांव में सड़क व मूलभूत सुविधाओं को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश
तपालधार गांव में अधूरा सड़क निर्माण बना ग्रामीणों की परेशानी का कारण
संजय ठाकुर । ऊहल
सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत तपालधार गांव में सड़क निर्माण कार्य अधूरा रहने और बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराज़गी देखी गई। ग्रामीणों ने विभाग, शासन और प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं, लेकिन अब तक समाधान न मिलने से रोष बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 2023 में नाबार्ड योजना के तहत सड़क निर्माण को स्वीकृति मिली थी, लेकिन आज तक कार्य पूरा नहीं हो पाया। इसके उलट सड़क निर्माण के दौरान डाला गया मलबा खेतों और फसली जमीन में भर गया है, जिससे खेती को नुकसान पहुंचा है और प्राकृतिक जल स्रोत भी प्रभावित हुए हैं।

ये भी पढ़ें: भोरंज ( बस्सी) में आज लोहड़ी उत्सव की भव्य संध्या, विधायक सुरेश कुमार के प्रयासों से सजेगी सांस्कृतिक शाम
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग अपनी जिम्मेदारी से बचते हुए सारा दोष ठेकेदार पर डाल रहे हैं। इससे समस्या जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा किया जाए और गांव को आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही उन्होंने लोक निर्माण विभाग के मंत्री विक्रमादित्य सिंह और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से भी इस मामले में हस्तक्षेप कर जल्द समाधान सुनिश्चित करने की अपील की है।
Author: Polkhol News Himachal









