
शीतलहर की चपेट में हिमाचल, 7 से 12 जनवरी तक माैसम साफ रहने का पूर्वानुमान
पोल खोल न्यूज़ | शिमला

हिमाचल प्रदेश शीतलहर की चपेट में है। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के ताबो में इस सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान माइनस 10.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। बीते दिन यहां 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके अतिरिक्त चार अन्य स्थानों का न्यूनतम पारा भी माइनस में चल रहा है। शिमला सहित राज्य के 22 स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया है। इससे ठिठुरन लगातार बढ़ रही है। पहाड़ों के साथ-साथ मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी रातें बेहद सर्द हो गई हैं। आज राजधानी शिमला सहित अन्य भागों में धूप खिली हुई है।
वहीं, जिला ऊना के पहाड़ी क्षेत्रों में जहां सुबह तेज धूप खिली रही, वहीं मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण सुबह के समय दृश्यता कम रही, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं उपमंडल बंगाणा के अंतर्गत बडूही बाजार में मंगलबार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। यहां स्थित तीखे मोड़ पर गुजरात नंबर की स्कॉर्पियो गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी सीमेंट की दीवार से जा टकराई। हादसा इतना जोरदार था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन गनीमत यह रही कि गाड़ी में सवार सभी पांच लोग पूरी तरह सुरक्षित बच गए। वहीं, गाड़ी चालक ने बताया कि वे सभी लोग कश्मीर से मनाली की ओर जा रहे थे। सुबह के समय क्षेत्र में अत्यधिक कोहरे था, जिसके कारण तीखा मोड़ स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दिया। इसी वजह से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और स्कॉर्पियो सीधे सड़क किनारे दीवार से टकरा गई। हादसे के समय वाहन में कुल पांच लोग सवार थे। टक्कर होते ही गाड़ी के सभी एयरबैग खुल गए, जिससे किसी भी यात्री को चोट नहीं आई।
ये भी पढ़ें :“हिमाचल को फिर विकास की पटरी पर लाने के लिए कड़े फैसले ज़रूरी” पूर्व सीएम जयराम ठाकुर से विशेष बातचीत

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने मंगलवार को उच्च पर्वतीय कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी की संभावना जताई है। 7 से 12 जनवरी तक पूरे प्रदेश में माैसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। हालांकि, ठंडी हवाओं के चलते शीतलहर का प्रकोप बना रहेगा। वहीं हिमाचल के सात जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर के कई क्षेत्रों में लगातार 10 जनवरी तक सुबह और शाम के समय घना कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।


Author: Polkhol News Himachal









