best news portal development company in india

जंदडू स्कूल में प्रतिभा का महाकुंभ, विधायक कैप्टन रणजीत सिंह राणा ने लुटाया सम्मान और प्रोत्साहन

SHARE:

जंदडू स्कूल में प्रतिभा का महाकुंभ, विधायक कैप्टन रणजीत सिंह राणा ने लुटाया सम्मान और प्रोत्साहन

बिंदिया ठाकुर | सुजानपुर

सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के जंदडू स्थित विद्यालय में आज वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह पूरे जोश, उत्साह और सांस्कृतिक रंगों के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि सुजानपुर के लोकप्रिय विधायक कैप्टन रंजीत सिंह राणा ने शिरकत की। विद्यालय पहुंचते ही प्रधानाचार्य, स्टाफ और विद्यार्थियों ने ढोल-नगाड़ों व पारंपरिक लावणी नृत्य के साथ विधायक का भव्य स्वागत किया, जिससे पूरा परिसर उत्सवमय माहौल में डूब गया।

स्टेज पर पहुंचने से पहले विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विज्ञान प्रोजेक्ट और प्राकृतिक संसाधनों पर आधारित मॉडल विधायक को दिखाए गए। बच्चों ने स्वयं अपनी परियोजनाओं की जानकारी दी, जिस पर विधायक ने उनकी प्रतिभा, सोच और मेहनत की खुलकर सराहना की।

इसके उपरांत दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ। प्रधानाचार्य संजय गुप्ता ने मुख्य अतिथि को पारंपरिक टोपी, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने भांगड़ा, पहाड़ी नृत्य, लावणी नृत्य, नाटक सहित कई रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन पर दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं।

ये भी पढ़ें :मार्च 2026 तक चकाचक होगी बढार–झनिक्कर–केहरवीं सड़क, 9.26 करोड़ की लागत से अंतिम चरण में निर्माण

मुख्य अतिथि कैप्टन रंजीत सिंह राणा ने बच्चों की प्रतिभा को सम्मान देते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 10 हजार रुपये की राशि प्रदान की। इसके साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 9 विद्यार्थियों को 3000-3000 रुपये और 2 विद्यार्थियों को 5000-5000 रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में विधायक ने मुख्यमंत्री नशा मुक्त हिमाचल मुहिम का जिक्र करते हुए बच्चों को नशे से दूर रहने और अनुशासन व मेहनत को जीवन का मूल मंत्र बनाने की अपील की। उन्होंने विद्यालय में परीक्षा कक्ष (एग्ज़ामिनेशन हॉल) के निर्माण के लिए अनुमानित लागत का एस्टीमेट भेजने के निर्देश भी दिए, ताकि भविष्य में विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य संजय गुप्ता ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की और मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों व अभिभावकों का आभार प्रकट किया। जंदडू विद्यालय का यह समारोह बच्चों की प्रतिभा, संस्कार और उज्ज्वल भविष्य की एक मजबूत झलक बनकर सामने आया।

 

Leave a Comment

best news portal development company in india
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पढ़ी गई
error: Content is protected !!

Follow Us Now