
मार्च 2026 तक चकाचक होगी बढार–झनिक्कर–केहरवीं सड़क, 9.26 करोड़ की लागत से अंतिम चरण में निर्माण
रजनीश शर्मा । हमीरपुर
जनता को बड़ी राहत देते हुए बढार से झनिक्कर वाया केहरवीं सड़क का निर्माण कार्य तेज़ी से अपने अंतिम चरण की ओर बढ़ रहा है। लोक निर्माण विभाग द्वारा इस सड़क को मार्च 2026 तक पूरी तरह तैयार कर जनता को समर्पित करने का लक्ष्य रखा गया है। करीब साढ़े नौ किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर 9.26 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जा रही है।
सड़क तैयार होने के बाद स्थानीय लोगों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी उच्च गुणवत्ता की सुविधा मिलेगी। विभागीय जानकारी के अनुसार कुल सड़क लंबाई में से लगभग 9.400 किलोमीटर हिस्से पर टारिंग का कार्य पूरा किया जा चुका है। शेष बचे करीब 100 मीटर क्षेत्र में सीमेंट के पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे, जिससे सड़क को और मजबूती मिलेगी।
बारिश के मौसम में सड़क को नुकसान से बचाने और जल निकासी की बेहतर व्यवस्था के लिए दोनों ओर करीब छह किलोमीटर क्षेत्र में पक्की नालियों का निर्माण भी किया जा रहा है। टारिंग का कार्य पूरा होने से लोगों को मिट्टी-धूल से काफी राहत मिली है और सड़क अब 3.9 मीटर चौड़ाई के साथ पूरी तरह चकाचक नजर आ रही है।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार अभी एक बार फिर टारिंग का कार्य किया जाना है, जो मौसम अनुकूल होने पर पूरा किया जाएगा। सड़क निर्माण कंपनी द्वारा गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विभाग का दावा है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सड़क निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
इस सड़क के बन जाने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी, वहीं ग्रामीण इलाकों को जिला मुख्यालय से जोड़ने में भी यह सड़क महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।



Author: Polkhol News Himachal









