
स्वाद, स्वास्थ्य और समर्पण का संगम – टौणी देवी में पाक-कौशल का शानदार प्रदर्शन
रजनीश शर्मा | हमीरपुर
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टौणी देवी में भारत सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत क्लस्टर स्तर की कुकिंग प्रतियोगिता का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में विद्यार्थियों को प्रदान किए जाने वाले मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, विविधता और पोषण स्तर को और अधिक सुदृढ़ करना, साथ ही मिड-डे मील से जुड़े कुक एवं हेल्पर्स के पाक-कौशल, रचनात्मकता, आत्मविश्वास और कार्यकुशलता को बढ़ावा देना रहा। प्रतियोगिता में क्लस्टर की 12 विभिन्न पाठशालाओं के MDM कुक एवं हेल्पर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध ताज़ी एवं पौष्टिक सामग्री का उपयोग करते हुए संतुलित, स्वादिष्ट और स्वास्थ्यवर्धक व्यंजनों की प्रभावशाली प्रस्तुति दी। इनमें दालें, हरी सब्जियाँ, मोटे अनाज, चावल आधारित व्यंजन तथा पारंपरिक स्थानीय पकवान शामिल रहे। इन व्यंजनों ने यह स्पष्ट किया कि सीमित संसाधनों में भी पोषण, स्वाद और स्वच्छता का समन्वय संभव है।

निर्णायक मंडल द्वारा व्यंजनों का मूल्यांकन स्वाद, पोषण मूल्य, स्वच्छता, प्रस्तुति तथा नवाचार जैसे महत्वपूर्ण मानकों के आधार पर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य रजनीश रांगड़ा ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि देश के भविष्य निर्माण की एक सशक्त आधारशिला है। यह योजना विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास को सुनिश्चित करने के साथ-साथ विद्यालयों में नियमित उपस्थिति, नामांकन और ठहराव को भी बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि इस योजना की वास्तविक सफलता कुक एवं हेल्पर्स की मेहनत, निष्ठा और समर्पण पर निर्भर करती है, जो प्रतिदिन बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। कार्यक्रम की संयोजक सुमन लता रहीं, जिन्होंने पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित एवं अनुशासित ढंग से संपन्न करवाया। उन्होंने बताया कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ कुक एवं हेल्पर्स के लिए सीखने, अनुभव साझा करने तथा स्वच्छता, पोषण और भोजन विविधता से संबंधित नवीन जानकारियाँ प्राप्त करने का सशक्त माध्यम हैं।
महिलाओं के उत्साहवर्धन और सम्मान के उद्देश्य से जिला परिषद अध्यक्ष बबली देवी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने प्रतिभागी महिलाओं की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालयों में बच्चों के पोषण की जिम्मेदारी निभाने वाली कुक एवं हेल्पर्स समाज की सशक्त स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से न केवल बच्चों का स्वास्थ्य सुरक्षित हो रहा है, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और अपनी प्रतिभा को मंच देने का अवसर भी प्राप्त हो रहा है। प्रतियोगिता के अंत में प्रथम स्थान उच्च एवं प्राथमिक पटनौण की सलीमा, सोमा, द्वितीय स्थान सिसवां एवं टौणी देवी की पिंकी , जयश्री तथा तृतीय स्थान टौणी देवी एवं थाना दरोगन की रक्षा, और सुमित्रा ने प्राप्त किया। विजेता एवं सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन सकारात्मक, प्रेरणादायक और उत्सवपूर्ण वातावरण में हुआ। उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों और प्रतिभागियों ने इस आयोजन को अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों के नियमित आयोजन पर बल दिया।


Author: Polkhol News Himachal









