
2008–11 बैच के डीम्ड रेगुलर शिक्षकों की पदोन्नति की मांग तेज, शिक्षा मंत्री को सौंपा ज्ञापन
रजनीश शर्मा। हमीरपुर
वर्ष 2008 से 2011 के बीच नियुक्त डीम्ड रेगुलर टीजीटी शिक्षकों ने लंबे समय से लंबित पदोन्नति की मांग को लेकर शिक्षा मंत्री को औपचारिक रूप से ज्ञापन सौंपा। शिक्षकों ने टीजीटी पद से स्कूल प्रवक्ता (लेक्चरर) पद पर पदोन्नति न होने पर शिक्षा विभाग की उदासीनता के प्रति गहरी नाराज़गी व्यक्त की।
ज्ञापन में शिक्षकों ने स्पष्ट किया कि वे सभी आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, वरिष्ठता एवं निर्धारित सेवा अनुभव की शर्तें पूरी करते हैं, इसके बावजूद अब तक पदोन्नति से वंचित हैं। उन्होंने बताया कि उनसे कनिष्ठ कई शिक्षक पहले ही पदोन्नत किए जा चुके हैं, जो न्याय और समानता के सिद्धांतों के विपरीत है।
शिक्षकों ने अवगत कराया कि यह मामला माननीय उच्च न्यायालय एवं सर्वोच्च न्यायालय तक भी पहुंच चुका है, बावजूद इसके विभाग द्वारा आज तक पदोन्नति प्रक्रिया को लागू नहीं किया गया। इससे शिक्षकों का मनोबल प्रभावित हो रहा है और वर्षों की सेवा के बाद मिलने वाले सम्मान से वे वंचित रह जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: आईजीएमसी शिमला मारपीट मामला: डॉक्टर सामूहिक अवकाश पर, ओपीडी सेवाएं प्रभावित
इस अवसर पर राजकीय शिक्षक संघ के अध्यक्ष नरेंद्र छाजटा, उपाध्यक्ष सुरेश सोनी तथा महिला विंग की अध्यक्ष सीमा चौहान ने शिक्षा मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए 2008–11 बैच के डीम्ड रेगुलर शिक्षकों को शीघ्र पदोन्नति देने की मांग की। पदाधिकारियों ने सरकार से मानवीय दृष्टिकोण अपनाने और वर्षों से लंबित प्रक्रिया को तुरंत पूर्ण करने का आग्रह किया।
शिक्षकों ने बताया कि उनके समूह में कई शिक्षक सेवानिवृत्ति के कगार पर हैं, जबकि कुछ बिना पदोन्नति पाए ही सेवानिवृत्त हो चुके हैं। इस पर शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है ।


Author: Polkhol News Himachal









