
हिमाचल: आज रात से बंद रहेंगी 108 और 102 एंबुलेंस सेवाएं
पोल खोल न्यूज़ | शिमला
हिमाचल प्रदेश में गुरुवार रात 8:00 बजे से 108 और 102 एंबुलेंस कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। एंबुलेंस कर्मचारियों की हड़ताल 27 दिसंबर की रात 8:00 बजे तक जारी रहेगी। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने हड़ताल को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। वहीं, मरीजों को परेशानी न हो, इसके चलते अपनी एंबुलेंस चलाने को कहा है। वहीं, 108 और 102 एंबुलेंस कर्मचारियों का कहना है कि एनएचएम की ओर से उनकी लंबित मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है और प्रशासन कंपनी के हित में काम कर रहा है। सीटू के बैनर तले यह हड़ताल होगी।
ये भी पढ़ें :Shimla: फर्जी डीएसपी, खाद्य निरीक्षक बनकर दुकानदार को धमकाया, पढ़ें पूरी खबर
सीटू नेता विजेंद्र मेहरा ने बताया कि प्रशासन कर्मचारियों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने के बजाय उन्हें एस्मा एक्ट 1972 लगाने की धमकी देकर दबाने का प्रयास कर रहा है। यूनियन नेताओं ने कहा कि एंबुलेंस सेवा का टेंडर सरकार और प्रशासन ने कंपनी को दिया है। इसके बावजूद जब कर्मचारी कंपनी की ओर से किए जा रहे शोषण की शिकायत लेकर प्रशासन के पास जाते हैं तो वहां से यह कहकर पल्ला झाड़ लिया जाता है कि आप हमारे कर्मचारी नहीं हैं।
वहीं, कर्मचारियों का आरोप है कि अब वही प्रशासन कंपनी को बचाने के लिए कर्मचारियों पर एस्मा एक्ट लगाने की बात कर रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने कई बार शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखीं, प्रशासन के समक्ष गुहार लगाई और कंपनी के शोषण से अवगत भी कराया, लेकिन हर बार उनकी अनदेखी की गई।


Author: Polkhol News Himachal









