
पदभार संभालते ही एक्शन मोड में आए डॉ. सुरेंद्र सिंह डोगरा
संजय ठाकुर | ऊहल
हमीरपुर मेडिकल अफसर संगठन के नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र सिंह डोगरा ने पदभार ग्रहण करते ही सक्रिय भूमिका निभाते हुए जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से जिलाधीश से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर संगठन के महासचिव डॉ. वेंकटेश्वर सिंह रनौत भी उपस्थित रहे।
भेंट के दौरान डॉ. डोगरा ने स्पष्ट किया कि संगठन के अध्यक्ष के रूप में उनका प्राथमिक दायित्व चिकित्सकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि जब डॉक्टर सुरक्षित और संतुष्ट होंगे, तभी डॉक्टर–मरीज के बीच मधुर संबंध स्थापित हो पाएंगे और समाज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
ये भी पढ़ें :बारी की बेटी काजल चौहान ने दुबई में बढ़ाया देश और क्षेत्र का मान, उत्कृष्ट नर्सिंग सेवाओं के लिए मिला सम्मान
डॉ. डोगरा ने कहा कि मेडिकल अफसर संगठन चिकित्सकों की गरिमा बनाए रखने के साथ-साथ मरीजों को उच्च गुणवत्ता की चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर उन्होंने जिलाधीश को एक मेमोरेंडम भी सौंपा तथा चिकित्सकों से जुड़ी समस्याओं और मांगों को प्रशासनिक स्तर पर सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने का आग्रह किया।


Author: Polkhol News Himachal









