
चिट्टे पर सख्त प्रहार: 6.83 ग्राम चिट्टा बरामद, दरोवड़ी का पंकज व झण्डुई का हिमांशु अरेस्ट
रजनीश शर्मा। हमीरपुर
हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा चिट्टे के खिलाफ अपनाई गई ज़ीरो टॉलरेंस नीति के तहत हमीरपुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। थाना सदर क्षेत्र मण्डप में ट्रैफिक नाके के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवकों से 6.83 ग्राम हैरोइन (चिट्टा) बरामद की गई है। यह कार्रवाई दिनांक 21 दिसंबर 2025 को की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवकों की पहचान पंकज कुमार पुत्र देश राज, निवासी गांव दरोवड़ी (डा० हिम्मर, तहसील टौणीदेवी) तथा हिमांशु पुत्र अदीप शर्मा, निवासी गांव झण्डुई (डा० पुतड़ियाल, तहसील नादौन) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ अभियोग संख्या 344/2025, धारा 21, 25 व 29 NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
ये भी पढ़ें :हिमाचल प्रदेश में इस बार व्हाइट क्रिसमस की उम्मीद कम, दारचा-शिंकुला सड़क बंद
यह कार्रवाई 16 दिसंबर को हमीरपुर में आयोजित एंटी-चिट्टा अवेयरनेस वॉकथान के बाद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सघन अभियान का हिस्सा है। वॉकथान के उपरांत हमीरपुर पुलिस ने चिट्टा तस्करों और पैडलर्स के विरुद्ध शिकंजा और कस दिया है। इससे पहले भी बड़सर क्षेत्र में एक प्रभावशाली व्यक्ति के करीबी रिश्तेदार की गिरफ्तारी ने स्पष्ट कर दिया था कि कानून से ऊपर कोई नहीं है।
वॉकथान के दौरान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पुलिस प्रशासन को साफ निर्देश दिए थे कि चिट्टा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा न जाए, चाहे वह कितना ही प्रभावशाली क्यों न हो। मुख्यमंत्री ने कहा था कि चिट्टा प्रदेश की युवा पीढ़ी को खोखला कर रहा है और कई परिवारों को तबाह कर चुका है, इसलिए इसके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई आवश्यक है।
स्पष्ट संदेश है—हिमाचल में चिट्टे के लिए अब कोई जगह नहीं।


Author: Polkhol News Himachal









