
नशे को हराकर खेलों को अपनाएं युवा, तभी बनेगा स्वस्थ व सशक्त समाज : विजय बहल
रजनीश शर्मा। हमीरपुर
अटल प्रेम संस्था के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता विजय बहल ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि नशे का त्याग कर खेलों को जीवन का हिस्सा बनाना ही उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल युवाओं को शारीरिक व मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं, बल्कि उन्हें सकारात्मक सोच के साथ मुख्यधारा से भी जोड़ते हैं।
विजय बहल रविवार को ऊटपुर पंचायत के कुथाड़ गांव में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर बोल रहे थे। बाकर खड्ड क्षेत्र में आयोजित इस प्रतियोगिता में हमीरपुर और मंडी जिलों की करीब दो दर्जन से अधिक टीमों ने भाग लिया।
उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी तेजी से नशे की गिरफ्त में फंसती जा रही है, जो समाज के लिए गंभीर चुनौती है। प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए युवाओं को स्वयं आगे आकर नेतृत्व करना होगा। इस अवसर पर उपस्थित युवाओं ने नशा न करने की शपथ ली और अन्य युवाओं को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।
विजय बहल ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास पैदा करते हैं। हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन खेल भावना के साथ खेलना सबसे बड़ी जीत है। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक खेल गतिविधियों में भाग लेने का आग्रह किया, ताकि वे स्वस्थ, ऊर्जावान और लक्ष्यपूर्ण जीवन जी सकें।
उन्होंने बताया कि युवाओं को खेलों की ओर प्रोत्साहित करने में अनुराग ठाकुर की भूमिका सराहनीय रही है और उनके प्रयास प्रेरणादायी हैं। साथ ही, नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने खेलों को बढ़ावा देने के लिए कई प्रभावी योजनाएं शुरू की हैं, जिनका लाभ युवाओं को उठाना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में विजय बहल ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए अपनी ओर से आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया और प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों की सराहना की।
Author: Polkhol News Himachal









