best news portal development company in india

मंडी संकल्प रैली रही पूरी तरह विफल: भाजपा

SHARE:

मंडी संकल्प रैली रही पूरी तरह विफल: भाजपा

पोल खोल न्यूज़। हमीरपुर

भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार द्वारा आयोजित मंडी संकल्प रैली को पूर्णत: असफल बताया है। जिला भाजपा ने इसे जनता के बीच अपनी विफलताओं को छुपाने का एक असफल प्रयास करार देते हुए, इस तरह के जश्न मनाने की कड़ी निंदा की है।

 

जिला भाजपा ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार द्वारा भाजपा वाली केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को भी जबरन भीड़ के रूप में रैली स्थल तक ले जाया गया। कांग्रेस नेताओं द्वारा जनता को सरकारी सुविधाओं का लाभ बंद होने के डर से बुलाया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों का सीधा उल्लंघन है।

जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू ने फिर एक बार जनता के सामने तथ्यों को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस ने अपने चुनाव घोषणा पत्र में दूध ₹100 प्रति किलोग्राम खरीदने की गारंटी दी थी, परंतु अब मुख्यमंत्री स्वयं कह रहे हैं कि सरकार स्थानीय उत्पादकों से मात्र ₹51 प्रति किलोग्राम पर दूध खरीद रही है। यह जनता के साथ बड़ा छल है।
इसके अलावा कांग्रेस ने प्रति वर्ष 1 लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन अब तक तीन वर्षों में कितनी नौकरियां दी गईं, इसका कोई श्वेत–पत्र सीएम सुक्खू प्रस्तुत नहीं कर पाए। ठाकुर ने कहा कि यह सभी गारंटियों की असलियत को उजागर करता है।

ये भी पढ़ें:हिमाचल प्रदेश में उपभोक्ताओं को राहत, डिपुओं में सस्ती हुई ये दाल

उन्होंने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री तो अपने भाषण के साथ-साथ अपने द्वारा दी गई गारंटियों के अनुपालन के आंकड़े भी जनता के सामने रखने चाहिए थे। उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था पेंशन में बढ़ोतरी, स्टार्टअप सहायता, महिला सुरक्षा और रोजगार सृजन जैसी गारंटियों पर सरकार की नाकामी के मुद्दे पूरे प्रदेश भर में चर्चा का विषय बने हुए हैं, जिन पर मुख्यमंत्री एक भी संतोषजनक आंकड़ा पेश नहीं कर सके।

वहीं, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि सुक्खू सरकार के राज में प्रदेश का ख़ज़ाना तेजी से खाली हो रहा है। राज्य सरकार कर्ज लेने के नए रिकॉर्ड बना रही है, जबकि मुख्यमंत्री मंच से दो वर्षों में प्रदेश की किस्मत बदलने की बात कर रहे हैं, लेकिन इसके लिए कोई ठोस रोडमैप प्रस्तुत नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि पेंशनधारकों को समय पर पेंशन नहीं मिल रही, और केंद्र सरकार की विकासात्मक योजनाओं एवं आपदा राहत राशि को भी राज्य सरकार वेतन व अन्य खर्चों में लगा रही है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। शर्मा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अपने कुछ नज़दीकी लोगों को लाभ पहुँचाने के लिए सरकारी धन का दुरुपयोग कर रहे हैं।

जिला आईटी विभाग के सह-संयोजक अश्वनी गांधी ने कहा कि सुक्खू सरकार के भीतर घोर असंतोष और अंदरूनी कलह लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि खुद उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कांग्रेस महासचिव रजनी पटेल की मौजूदगी में प्रशासन के कामकाज पर कड़े सवाल उठाए। गांधी ने कहा कि मंत्री विक्रमादित्य सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह की अनुपस्थिति और पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के पोस्टरों–होर्डिंग्स का लापता होना कांग्रेस पार्टी की अंदरूनी स्थिति को स्पष्ट करता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के निरंतर आंतरिक कलेशों के कारण प्रदेश की जनता को सुक्खू सरकार के कार्यकाल की नाकामियों का खामियाजा आज भी भुगतना पड़ रहा है।

भाजपा जिला हमीरपुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार जनता को गुमराह करने की बजाय अपने वायदों पर खरा उतरने की कोशिश करे, वरना प्रदेश की जनता आगामी चुनावों में इसका कड़ा जवाब देगी।

Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now