best news portal development company in india

हिमाचल प्रदेश में उपभोक्ताओं को राहत, डिपुओं में सस्ती हुई ये दाल

SHARE:

हिमाचल प्रदेश में उपभोक्ताओं को राहत, डिपुओं में सस्ती हुई ये दाल

पोल खोल न्यूज़ | शिमला

हिमाचल प्रदेश में बढ़ती महंगाई के बीच उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम के तहत सबसे ज्यादा खरीदी जाने वाली चना दाल की कीमत 4 रुपए प्रति किलो घटा दी गई है। इससे गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को सीधी राहत मिलेगी, नया रेट कुछ ही दिनों में डिपुओं में लागू हो जाएगा। हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम ने चना दाल सहित दो अन्य दालों के लिए भी नया सप्लाई ऑर्डर जारी कर दिया है।

हिमाचल प्रदेश में बीपीएल परिवारों को अब चना दाल 68 रुपए किलो मिलेगी। बता दें कि पहले इसकी कीमत 72 रुपए थी। एपीएल परिवारों के लिए नई कीमत 73 रुपए किलो तय हुई है, जबकि पहले उन्हें 77 रुपए किलो देने पड़ते थे। मलका दाल के रेट में कोई बदलाव नहीं किया गया है। बीपीएल को मलका 66 रुपए और एपीएल को 71 रुपए किलो ही मिलेगी।

ये भी पढ़ें:  परवाणू में 941 करोड़ के फर्जी कारोबार व 170 करोड़ की जीएसटी चोरी का पर्दाफाश

थोक बाजार में भाव बढ़ने से उड़द की दाल अब 2 रुपए महंगी हो गई है। उड़द की दाल बीपीएल परिवारों के लिए अब 78 रुपए किलो उपलब्ध होगी, जो पहले 76 रुपए थी। वहीं, एपीएल परिवारों को अब 83 रुपए किलो चुकाने होंगे. पहले रेट 81 रुपए था।

राज्य नागरिक आपूर्ति निगम ने तीन दालों के लिए करीब 1 लाख 9 हजार क्विंटल का सप्लाई ऑर्डर जारी किया है। इसमें चना दाल का सबसे अधिक 38,900 क्विंटल, मलका का 36,000 क्विंटल और उड़द का 36,000 क्विंटल शामिल है। निगम का कहना है कि आवश्यक खाद्य सामग्री की उपलब्धता और कीमतों में स्थिरता बनाए रखने का पूरा प्रयास किया जा रहा है।

हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के महाप्रबंधक अरविंद शर्मा ने कहा, “तीन दालों का सप्लाई ऑर्डर जारी कर दिया है, ताकि उपभोक्ताओं को डिपुओं में समय पर दालें उपलब्ध हो सकें। ये दालें अब होल सेल गोदामों में पहुंचनी भी शुरू हो गई हैं।

राज्य सरकार डिपुओं के माध्यम से उपभोक्ताओं को बाजार से सस्ते रेट पर तीन किस्म की दालें, खाद्य तेल, नमक, चावल, आटा और चीनी उपलब्ध करा रही है। महंगाई के बीच यह सस्ता राशन लोगों के लिए बड़ा सहारा बना है। रोजमर्रा की जरूरतों के बढ़ते दामों के बीच डिपो से मिलने वाला निर्धारित दरों वाला राशन आमजन की जेब पर बोझ कम कर रहा है।

हिमाचल प्रदेश में कुल 19,57,440 राशन कार्ड धारक हैं। इनमें 11,58,522 एपीएल परिवार, 60,840 एपीएल टैक्स पेयर, 2,76,628 बीपीएल, 3,01,825 पीएच और 1,59,624 एएवाई परिवार शामिल हैं।

 

Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now