
Shimla: ट्रिप के नाम पर कॉलेज छात्रों के साथ ₹1.19 लाख की ठगी, इंस्टाग्राम विज्ञापन देखकर फंसे छात्र
पोल खोल न्यूज़ | शिमला

राजधानी शिमला में कॉलेज छात्रों के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। बताते चलें कि कॉलेज के कुछ छात्र जयपुर-उदयपुर घूमने की प्लानिंग कर रहे थे। उन्होंने इंस्टाग्राम पर दिखे एक टूर विज्ञापन पर भरोसा किया और एक ट्रैवल कंपनी से बात की, लेकिन यह भरोसा महंगा पड़ गया, क्योंकि टूर कंपनी का कर्मचारी एडवांस पैसे लेकर अचानक गायब हो गया।
वहीं, यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ बिजनेस स्टडीज के छात्र जागृत ने बताया कि कई छात्रों ने ‘लेज़र हॉलीडे कंपनी’ से टूर बुक कराया था। कंपनी के एक कर्मचारी ने उनसे 1 लाख 19 हजार रुपये ऑनलाइन एडवांस के रूप में ले लिए थे। तय था कि वह 9 दिसंबर की शाम आईएसबीटी शिमला से उन्हें लेकर रवाना होगा, लेकिन उसी दिन सुबह से उसका फोन स्विच ऑफ मिला और वह लापता हो गया।
ये भी पढ़ें: पुलिस और औषधि विभाग ने 20 फार्मा उद्योगों में की छापामारी, पाई गईं अनियमितताएं
छात्रों ने इंस्टाग्राम रील देखकर कंपनी का विज्ञापन देखा था और उसी पर भरोसा कर संपर्क किया। अब छात्रों को शक है कि कर्मचारी एडवांस लेकर फरार हो चुका है। धोखाधड़ी के बाद छात्रों ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई, जिसके आधार पर बालूगंज थाना पुलिस ने धारा 318(4) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया है।
वहीं, एसपी शिमला संजीव गांधी ने कहा कि ऑनलाइन भुगतान, मोबाइल लोकेशन और कंपनी से जुड़े दस्तावेजों की जांच चल रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कंपनी और कर्मचारी असली हैं या फर्जी पहचान से बनाई गई ठगी।
पुलिस ने सलाह दी है कि किसी भी टूर या सेवा की ऑनलाइन बुकिंग से पहले कंपनी की विश्वसनीयता की पूरी जांच करें, खासकर तब जब बड़ी रकम एडवांस देने को कहा जाए, मामले की जांच फिलहाल जारी है।


Author: Polkhol News Himachal









