
टौणी देवी में राष्ट्रीय जम्बूरी से लौटे स्काउट-गाइड का विद्यालय में हुआ भव्य सम्मान
रजनीश शर्मा | हमीरपुर
स्वर्ण जयंती राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टौणी देवी के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय, जिला और प्रदेश का नाम रोशन करते हुए 19वीं राष्ट्रीय जम्बूरी में सक्रिय भागीदारी निभाई। जम्बूरी से लौटने के उपरांत विद्यालय परिसर में इन प्रतिभाशाली तीन स्काउट आदित्य, संतोष और अनिरुद्ध तथा तीन गाइड चेतना, रिद्धिमा और प्रिया को विद्यार्थियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। प्रातःकालीन सभा के दौरान विद्यालय की गाइड चेतना ने जम्बूरी में अपने अनुभवों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि 19वीं राष्ट्रीय जम्बूरी का आयोजन उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के वृंदावन कॉलोनी में किया गया, जिसमें देशभर से हजारों स्काउट-गाइड्स ने भाग लिया। जम्बूरी के उद्घाटन समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बच्चों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए स्काउट आंदोलन की भूमिका को समाज निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
वहीं, समापन समारोह में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उपस्थित होकर प्रतिभागियों को संबोधित किया और उनके अनुशासन, सेवा भाव तथा नेतृत्व क्षमता की प्रशंसा की। चेतना ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि जम्बूरी के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी विशेष रूप से बच्चों के बीच पधारे और उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। इस आयोजन के दौरान विद्यार्थियों ने साहसिक गतिविधियों में भाग लिया, जिनमें ट्रेकिंग, रोप क्लाइम्बिंग, आपदा प्रबंधन अभ्यास तथा प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण शामिल था। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों ने “स्किल-ओ-रामा”, फूड प्लाजा, लोक नृत्य और विभिन्न प्रदर्शनियों में भाग लेकर अपने कौशल और प्रतिभा का परिचय दिया। विद्यालय की गाइड चेतना को इस जम्बूरी की भव्य परेड में शामिल होने का गौरव भी प्राप्त हुआ। उसने पूरे अनुशासन और गर्व के साथ परेड में भाग लेकर विद्यालय का नाम रोशन किया।
ये भी पढ़ें:इलेक्ट्रॉनिक कॉरपोरेशन के माध्यम से भर्ती होंगे 1602 बिजली उपभोक्ता मित्र
विद्यार्थियों ने अलग-अलग राज्यों की संस्कृति, खान-पान, वेशभूषा और जीवनशैली को निकट से देखा और “एक भारत श्रेष्ठ भारत” की भावना को प्रत्यक्ष अनुभव किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य रजनीश रांगड़ा ने सभी स्काउट-गाइड विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय जम्बूरी में भाग लेना विद्यार्थियों के जीवन का एक अविस्मरणीय अनुभव होता है। इससे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना और सहयोग की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग विद्यार्थियों को केवल गतिविधियों तक सीमित नहीं रखती, बल्कि उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में अग्रसर करती है।
प्रधानाचार्य ने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यालय के मार्गदर्शकों को भी दिया। उन्होंने बताया कि गाइड कप्तान कुसुम लता और स्काउट मास्टर राजेश कुमार के कुशल मार्गदर्शन, निरंतर प्रशिक्षण और समर्पण के कारण ही विद्यार्थी इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सके। उन्होंने दोनों शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे समर्पित मार्गदर्शक ही विद्यार्थियों में नेतृत्व और सेवा जैसे गुणों का विकास करते हैं। पूरे विद्यालय में गर्व और खुशी का वातावरण रहा। विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि जम्बूरी ने उन्हें आत्मनिर्भरता, सहयोग, राष्ट्रप्रेम और मानव सेवा का वास्तविक अर्थ सिखाया। इस प्रकार 19वीं राष्ट्रीय जम्बूरी से लौटकर आए स्काउट-गाइड विद्यार्थियों ने न केवल अपना बल्कि पूरे विद्यालय का गौरव बढ़ाया और आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बने।


Author: Polkhol News Himachal









