

HP Vidhan Sabha Session: मंत्री, विधायकों के वेतन भत्ते बढ़ाने समेत आठ विधेयक पटल पर रखे
पोल खोल न्यूज़ | धर्मशाला
राष्ट्रपति व राज्यपाल से मंजूर आठ विधेयक हिमाचल प्रदेश विधानसभा के पटल पर रखे गए। बता दें कि ये हिमाचल प्रदेश माल और सेवा कर द्वितीय संशोधन विधेयक 2025, हिमाचल प्रदेश विधानसभा सदस्यों के भत्ते और पेंशन संशोधन विधेयक 2025, मंत्रियों के वेतन और भत्ता हिमाचल प्रदेश संशोधन विधेयक 2025, विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष वेतन संशोधन विधेयक 2025, हिमाचल प्रदेश सड़क द्वारा कतिपय माल के वहन पर कराधान संशोधन विधेयक 2025 शामिल है।
हिमाचल प्रदेश नगर निगम संशोधन विधेयक 2025, हिमाचल प्रदेश लोकतंत्र प्रहरी सम्मान निरसन विधेयक 2023 और हिमाचल प्रदेश नगरपालिका संशोधन विधेयक 2025 है। इन विधेयकों ने अब कानून का रूप ले लिया है। इन विधेयकों को विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया की अनुमति के बाद विधानसभा सचिव ने सदन के पटल पर रखा।
ये भी पढ़ें :राह चलते लोगों से जुड़ाव… सीएम सुक्खू की सादगी फिर बनी चर्चा का विषय
वहीं नगर निगम के महापौर और उप महापौर का कार्यकाल पांच साल बढ़ाने का विधेयक इसी सत्र में पेश होगा। सत्र के पहले दिन शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने सदन में हिमाचल प्रदेश नगर निगम संशोधन अध्यादेश 2025 रखा। इसे शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने रखना था, मगर वह शीत सत्र के पहले दिन सदन में उपस्थित नहीं थे। आगामी दिनों में इस अध्यादेश को विधेयक के रूप में सदन में पेश किया जाएगा और इसे पारित करने का प्रस्ताव सदन में रखा जाएगा। इस अध्यादेश को लाकर नगर निगमों के महापौर और उप महापौर की अवधि पहले ही ढाई से बढ़ाकर पांच साल की जा चुकी है। इस अध्यादेश में तर्क दिया गया कि अल्पावधि के कारण महापौर और उपमहापौर निगम का प्रभावी प्रतिनिधित्व करने और विकास कार्यों को गति देने में अकसर असफल रहते थे।


Author: Polkhol News Himachal









