best news portal development company in india

चिट्टे ने बर्बाद कर दिया परिवार, तीन पीढ़ियां हो गईं नशे की आदी

SHARE:

चिट्टे ने बर्बाद कर दिया परिवार, तीन पीढ़ियां हो गईं नशे की आदी

पोल खोल न्यूज़ | शिमला

चिट्टे के नशे ने कई परिवारों को बर्बादी के कगार पर लाकर खड़ा कर दिया है। प्रदेश के कई युवाओं की चिट्टे की ओवरडोज से मौत हो चुकी है। सबसे चौंकाने वाला मामला इसी माह शिमला में सामने आया। यहां पुलिस ने दो लोगों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया था। एक आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया है कि उसके परिवार की तीन पीढ़ियां चिट्टे की आदी हो चुकी हैं। परिवार में दादा, बेटा और पोती चिट्टे की लत से पीड़ित हैं। यह सुनकर पुलिस टीम के भी रौंगटे खड़े हो गए। इसी तरह से प्रदेश में कई मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें परिवार के कई सदस्य सफेद नशे के आदी पाए जा चुके हैं।

जिला शिमला के संजौली में पिछले दिनों चिट्टे के साथ गिरफ्तार युवकों से पूछताछ में पता चला है कि इसमें से एक युवक का भाई पहले ही चिट्टे की ओवरडोज के कारण काल का ग्रास बन चुका है और वह खुद भी लंबे समय से चिट्टे का आदी है। सफेद रंग के दिखने वाला यह जहर युवाओं की अकस्मात मौत का कारण बन रहा है तो वहीं नशे की पूर्ति के लिए कई युवा अपराधी बनते जा रहे हैं। कई युवा अपने घर में चोरी करने से भी गुरेज नहीं कर रहे हैं। कई मामलों में युवा अपनी मां के गहनों तक को बेचकर नशा खरीदते हुए पकड़े गए। शिमला पुलिस दिल्ली, हरियाणा और पंजाब समेत दूसरे राज्यों से हो रही चिट्टे की अवैध तस्करी को रोकने के लिए दिनरात कर रही है। इसके बावजूद नशा रुकने का नाम नहीं ले रहा।

चिट्टा तस्करी के इस मामले ने पुलिस की चिंता इसलिए भी बढ़ा दी है, क्योंकि अब युवाओं के साथ ही बुजुर्ग और हर आयु वर्ग के लोग भी नशे की लत के शिकार हो रहे हैं। हाल ही में पुलिस ने एक 75 साल के बुजुर्ग को चिट्टा तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया है। कुछ समय पहले कोटखाई थाना क्षेत्र में 56 साल के व्यक्ति को भी चिट्टा तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है। जिला शिमला में इस साल अभी तक 250 एनडीपीएस के केस दर्ज हो चुके हैं। इसमें 550 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसमें 20 महिलाओं को पकड़ा गया है।

 

वहीं, शिमला पुलिस की जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। कुछ समय पहले संदीप शाह चिट्टा तस्कर गिरोह के मामले की जांच में पता चला था कि कई आरोपी चिट्टे की खरीद के लिए माता-पिता और बहन के बैंक खातों का इस्तेमाल कर रहे हैं। यही वजह है कि शक के दायरे में आने की वजह से पुलिस ने उन्हें भी पूछताछ के लिए थाने में तलब किया। जब छानबीन की गई तो सच्चाई सामने आई। इसी तरह से शर्मा गिरोह के मामले में भी युवक ने मां के बैंक खाते का नशे की खरीद-फरोख्त के लिए इस्तेमाल किया था। इस वजह से पुलिस मां और बेटे दोनों को हिरासत में लेकर शिमला लाई थी।

चिट्टे का नशा युवाओं को ही नहीं, अब हर आयु वर्ग के व्यक्ति को अपनी चपेट में ले रहा है। इस वजह से कई परिवार बर्बादी के कगार पर आ गए हैं। कई परिवारों में युवाओं के साथ ही अधिक उम्र के लोग भी नशे की लत का शिकार हो गए हैं। पुलिस नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। -संजीव कुमार गांधी, एसएसपी शिमला

मनाली के होटल में बिक रहा था चिट्टा, दो महिलाओं समेत पांच धरे

पर्यटन नगरी मनाली में पुलिस ने चिट्टे की खेप पकड़ी है। मामले में पुलिस ने दो महिलाओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। मनाली के एक होटल में पुलिस ने दबिश दी। पुलिस को सूचना मिली थी कि होटल के कमरे से चिट्टा बेचा जा रहा है। पुलिस की कार्रवाई के बाद हड़कंप मच गया। गुप्त सूचना मिली थी कि मनाली में मालरोड के समीप एक होटल में पंजाब के युवक और युवती परचून में चिट्टा बेचने का अवैध कारोबार कर रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस ने कमरे में दबिश दी तो आरोपी रोहित वर्मा 23, निवासी गांव रामामंडी, डाकघर पतारा, तहसील और जिला जालंधर, पंजाब, सीमा कौर 23, निवासी नूरमहल, निकोदर, जालंधर, पंजाब, मुकेश कुमार यादव 24, गांव भाटवलिया, डाकघर रेवती, तहसील वासडी, जिला वलिया, उत्तर प्रदेश, सानीजूल उर्फ दादा 33, निवासी गांव डागापोश, डाकघर नौश्तपुर, जिला वर्धमान, पश्चिम बंगाल, और नूरवानू खातून उर्फ पिंकी 24 निवासी गांव डांगापोश, डाकघर नौशोरतपुर, जिला वर्धमान, पश्चिम बंगाल के कब्जे से 26.29 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। डीएसपी केडी शर्मा ने कहा कि आरोपियों से पूछताछ चल रही है।

Leave a Comment

best news portal development company in india
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पढ़ी गई
error: Content is protected !!

Follow Us Now