

हिमाचल : सड़कों पर जमने लगा पानी, प्रदेश में 13 नवंबर तक मौसम साफ
पोल खोल न्यूज़ । शिमला

हिमाचल प्रदेश में बदले मौसम के बीच न्यूनतम तापमान में कमी आने से ऊंचाई वाले क्षेत्रों की सड़कों पर पानी जमने लगा है। मनाली-लेह, दारचा-शिकुंला व कोकसर-लोसर मार्ग पर इस कारण फिसलन बढ़ गई है। यहां वाहनों की आवाजाही में भी कमी दर्ज हुई है। वीरवार रात को प्रदेश के 13 स्थानों में न्यूनतम तापमान दस डिग्री से कम रहा। केलांग, ताबो और कुकुमसेरी में पारा माइनस में रिकॉर्ड हुआ।

शुक्रवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के सभी क्षेत्रों में धूप खिली। 13 नवंबर तक मौसम साफ बना रहने का पूर्वानुमान है। हालांकि, हवा में ठंडक बरकरार है। सुंदरनगर में शुक्रवार सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाया रहा। जिला कुल्लू और जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में सुबह-शाम कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
ये भी पढ़ें:हिमाचल हाईकोर्ट ने जनाहन, कांडा समेत तीन स्कूलों का दर्जा घटाने पर लगाई रोक
लाहौल-स्पीति प्रशासन ने कुंजम दर्रा व शिंकुला दर्रा होकर वाहनों के लिए समयसारिणी तय कर दी है। कोकसर से काजा की सुबह 9 बजे और दारचा से सुबह 10 बजे वाहनों को लेह के लिए छोड़ा जाएगा। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार पूरे प्रदेश में 13 नवंबर तक माैसम साफ बना रहने का पूर्वानुमान है। अगले 3 से 4 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।


Author: Polkhol News Himachal









