best news portal development company in india

शादी समारोह में गए युवक पर चली गोली, गंभीर हालत में पीजीआई रेफर

SHARE:

शादी समारोह में गए युवक पर चली गोली, गंभीर हालत में पीजीआई रेफर

पोल खोल न्यूज़ । ऊना

जिला ऊना के पुलिस थाना मैहतपुर के तहत जखेड़ा गांव में बुधवार रात 11.30 बजे के करीब एक शादी समारोह के दौरान युवक को गोली लगने का मामला सामने आया है। गोलीबारी में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली कैसे लगी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। उसके दोस्तों ने युवक को क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। वहीं, घायल की पहचान सुनील पुरी पुत्र अशोक पुरी निवासी वार्ड नंबर-6, संतोषगढ़ के तौर पर हुई। बताया जा रहा कि युवक को छाती के ठीक नीचे गोली लगी है। पीजीआई में उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस अभी उसके बयान दर्ज नहीं कर पाई है।

जानकारी के अनुसार बुधवार रात्रि अशोक कुमार निवासी जखेड़ा के घर में विवाह समारोह था। घायल युवक के दोस्त गगनदीप ने पुलिस को बताया कि सभी दोस्त डीजे नाइट में गए थे। रात करीब 11 बजे डीजे बंद हो गया। इसके बाद वे सभी समारोह के साथ ही खेतों में पार्क की गई अपनी गाड़ी में बैठ गए। इस दौरान उसके दोस्त सुनील पुरी को किसी का फोन आया और वह बात करता हुआ गाड़ी के बाहर चला गया। कुछ देर तक जब सुनील नहीं लौटा तो वे उसे देखने गए। उन्होंने पाया कि सुनील एक दीवार के साथ लगकर पैरों के बल बैठा हुआ है। जब वे पास गए तो सुनील ने बताया कि उसे गोली लगी है। इसके बाद वे तुरंत उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सुनील को पीजीआई रेफर कर दिया गया।

वहीं, पुलिस सूत्रों की मानें तो शादी समारोह में डीजे नाइट पर किसी के साथ हुआ विवाद इस घटना का कारण हो सकता है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है। अभी गंभीर रूप से घायल सुनील बयान देने की स्थिति में नहीं है। थाना मैहतपुर की पुलिस ने शादी समारोह में मौजूद अन्य लोगों से भी पूछताछ की है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को भी कब्जे में लिया।

 

जिले में गोलीबारी की घटनाओं में तेजी से इजाफा हो रहा है। कुछ माह पहले बसाल गांव में हेयर ड्रेसर की दुकान पर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उससे पहले भदसाली गांव में पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जिला में तेजी से गन कल्चर पैर पसार रहा है। स्थानीय युवा भी इसकी जकड़ में आ रहे, जोकि चिंताजनक है।

पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि मामले की जांच जारी है। घायल युवक के दोस्त के बयान लिए गए हैं। घायल युवक अभी बयान देने की हालत में नहीं है। सीसीटीवी फुटेज भी कब्जे में ली गई है। जल्द मामले को सुलझा लिया जाएगा।

Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now