
Exclusive : 4th दक्षिण एशियाई सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हमीरपुर की धाविका मनीषा ने 4× 400 इवेंट में भारत के लिए जीता गोल्ड मेडल
रजनीश शर्मा । हमीरपुर

रांची के बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में चल रही 4वीं दक्षिण एशियाई सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत की भागीदारी पूरे जोश के साथ जारी है। आयोजन में दक्षिण एशिया के छह देशों के लगभग 300 एथलीट हिस्सा ले रहे हैं। महिला 4×400 मीटर रिले (मनीषा, पूवम्मा, स्टेफी, नीरू पाठक) के स्वर्ण पदक ने भारत के लिए गौरवमय क्षण इस चैंपियनशिप में लाए हैं। मनीषा हमीरपुर जिला के सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के उटपुर गांव की रहने वाली है। हमीरपुर डिग्री कॉलेज के सिंथेटिक ट्रैक से शुरू हुआ मनीषा का सफर इंटरनेशनल गोल्ड तक पहुंच गया है। मनीषा के गोल्ड मेडल पर जहां पूरे उटपुर, हमीरपुर, हिमाचल में खुशी का माहौल है वहीं पूरे देश से मनीषा को बधाईयां मिल रही है। मनीषा इस वक्त पंजाब यूनिवर्सिटी की छात्रा है। मनीषा की टीम ने 3.34.70 का समय निकाल गोल्ड ही नहीं जीता बल्कि इसी इवेंट में चैंपियनशिप का पुराना रिकॉर्ड 3.37.04 भी ब्रेक किया है।

बहन मनीषा की मेहनत से मिले सुनहरी पल : विजय ठाकुर

मनीषा के भाई विजय ठाकुर ने बताया कि आखिर मेहनत सफल हुई । देश को सोना मिला और मनीषा को खुशी के सुनहरे पल मिले। उन्होंने कहा कि कठिन वक्त बिताकर जब देश के लिए खुशियां बटोरी तो सब विपरीत परिस्थितियां गौण हो गई।

जिला और प्रदेश के लिए गौरव के पल : पुष्पा ठाकुर
हमीरपुर जिला से संबंधित राष्ट्रीय एथलीट रही पुष्पा ठाकुर ने कहा कि मनीषा द्वारा भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतना जिला और प्रदेश के लिए गौरव की बात है। इससे अन्य खिलाड़ियों को भी बूस्ट एवं प्रेरणा मिलेगी।

सुविधाएं मिले तो रिजल्ट आयेंगे : कोच भूपिंदर ठाकुर
प्रसिद्ध धावक एवं राष्ट्रीय कोच रहे भूपिंदर ठाकुर ने हमीरपुर जिला की बेटी द्वारा 4× 400 इंटरनेशनल इवेंट में भारत के लिए सोना जीतने पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि यह जिद्द और जज्बे की जीत है। उन्होंने कहा कि हमीरपुर के सिंथेटिक ट्रैक ने एथेलेटिक्स की नर्सरी तैयार की है और मनीषा की सफलता ने इसके महत्व को भी दर्शा दिया है।

वर्षों की मेहनत रंग लाई : पंकज भारतीय
इस बारे हमीरपुर एथेलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष पंकज भारतीय ने कहा कि मनीषा की वर्षों की मेहनत रंग लाई है। मनीषा के कड़े अभ्यास और प्रशिक्षण से यह उपलब्धि हासिल हुई है। उम्मीद है मनीषा भविष्य में भी और ऊंचाइयां हासिल करेगी।

सर्व कल्याणकारी संस्था मनीषा की करती रहेगी मदद : अभिषेक राणा
सर्व कल्याणकारी संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक राणा ने कहा कि होनहार खिलाड़ियों , विद्यार्थियों और जरूरतमंदों की संस्था लगातार मदद करती आई है। मनीषा को कभी आर्थिक तंगी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मनीषा से अब एशियन और ओलंपिक पदक की उम्मीद की जा रही है। मनीषा को बधाई, शुभ कामनाएं।

सुजानपुर की बेटी ने भारत के लिए जीता सोना , बधाई : राजेंद्र राणा
सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने उटपुर निवासी मनीषा की सफलता पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि मनीषा ने हिमाचल के साथ साथ पूरे देश का नाम रोशन किया है।

बेटी को बहुत बहुत बधाई : धूमल
हमीरपुर डिग्री कॉलेज में एथेलेटिक्स के लिए सिंथेटिक ट्रैक बनवाने वाले उस वक्त के सीएम प्रेम कुमार धूमल ने भी मनीषा द्वारा 4× 400 इवेंट में इंटरनेशन गोल्ड मेडल जीतने पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने बेटी मनीषा को बधाई दी है और सुनहरी भविष्य की कामना की है।

मनीषा ने रचा इतिहास : सीएम सुक्खू

सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि दक्षिणी एशियाई एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में भारतीय टीम ने 4×400 मीटर रिले में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि में ज़िला हमीरपुर के ऊटपुर की निवासी मनीषा का योगदान भी सराहनीय रहा।मनीषा की यह उपलब्धि बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।



Author: Polkhol News Himachal









