

सास की मौत के एक घंटे बाद सदमे में बहू ने तोड़ा दम, एक साथ हुआ अंतिम संस्कार
पोल खोल न्यूज़ | हमीरपुर
हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। उपमंडल भोरंज की ग्राम पंचायत जाहू में बुधवार को घटी हृदय विदारक घटना से लोग शोक में हैं। सास की मौत के बाद बहू सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाई, रोते-रोते वह बेहोश हो गई। आनन-फानन में परिजन बहू को अस्पताल ले गए गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि, 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत के महज एक घंटे बाद उनकी बहू ने भी दम तोड़ दिया। गुरुवार को गमगीन माहौल में दोनों का अंतिम संस्कार एक ही साथ किया गया। ग्रामीणों के अनुसार, गांव की दमोदरी देवी (85) पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थी।

बुधवार शाम करीब 7 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। बुजुर्ग महिला की मौत से परिवार और ग्रामीण शोक में डूबे थे, इस बीच उनकी बहू रमेशा देवी (पत्नी कश्मीर सिंह) सास के शव से लिपटकर जोर-जोर से रोने लगी। इसी दौरान वह अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी। परिजन और स्थानीय लोग फौरन सिविल अस्पताल भोरंज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

Author: Polkhol News Himachal









