

श्रम कल्याण बोर्ड की नीतियों के खिलाफ 22 सितंबर को जोरदार प्रदर्शन करेगी मजदूर यूनियन
पोल खोल न्यूज़ | हमीरपुर
हिमाचल भवन, सड़क एवं अन्य निर्माण मजदूर यूनियन (संबंधित सीटू) 22 सितंबर को श्रम कल्याण बोर्ड के राज्य मुख्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन करेगी। प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के बाद से ही श्रम कल्याण बोर्ड से निर्माण मजदूरों को मिलने वाले लाभ बंद हो गए हैं, जिससे मजदूरों में भारी रोष है। पंजीकरण और नवीनीकरण की प्रक्रिया में आए दिन नई औपचारिकताएं जोड़ दी जाती हैं, जिसके चलते मजदूरों का नवीनीकरण नहीं हो पा रहा है। पिछले तीन–चार वर्षों से लाभ जारी न होने के कारण मजदूर लगातार बोर्ड कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं, परंतु उन्हें केवल निराशा ही मिल रही है।
यूनियन का कहना है कि बोर्ड की बैठकों में कई बार निर्णय तो लिए जाते हैं, जैसे कि 50 प्रतिशत लाभ जारी करना, लेकिन ढाई साल गुजर जाने के बाद भी कोई ठोस प्रगति नहीं हुई। यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने कई बार अध्यक्ष और अधिकारियों से मिलकर मांग पत्र सौंपे हैं, पर मजदूरों की समस्याओं का समाधान करने की बजाय बोर्ड मजदूरों के पैसों का दुरुपयोग कर रहा है।

बोर्ड की धनराशि मजदूरों के लाभ देने के बजाय गैर-जरूरी भवनों, हॉस्टलों, जागरूकता कार्यक्रमों और प्रचार-प्रसार पर खर्च की जा रही है। यूनियन इसका कड़ा विरोध करती है और मांग करती है कि मजदूरों के चार साल से लंबित लाभ तुरंत जारी किए जाएं। नवीनीकरण के लिए दो बार लेट फीस की शर्त को हटाया जाए। प्राकृतिक आपदा में क्षतिग्रस्त मजदूरों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। बोर्ड की कार्यप्रणाली सुधारने हेतु स्थायी सचिव की नियुक्ति हो, जो राज्य कार्यालय हमीरपुर से कार्य करे। साथ ही मजदूरों की धनराशि की फिजूलखर्ची बंद कर गैर-जरूरी भवन, हॉस्टल, स्कूल, प्रचार-प्रसार व जागरूकता शिविरों पर खर्च रोकना जरूरी है। इन सभी मांगों को लेकर यूनियन 22 सितंबर को श्रम कल्याण बोर्ड के राज्य कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन करेगी।

Author: Polkhol News Himachal









