best news portal development company in india

हमीरपुर में 11-12 अप्रैल को 32 अस्पतालों में लगेंगे एचपीवी के टीके

SHARE:

  • हमीरपुर में 11-12 अप्रैल को 32 अस्पतालों में लगेंगे एचपीवी के टीके

  • मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने 14-15 वर्ष की लड़कियों के अभिभावकों से की अपील

पोल खोल न्यूज़। हमीरपुर

लड़कियों को सर्विकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए आरंभ किए गए एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत 11 और 12 अप्रैल को भी जिला हमीरपुर के 32 अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में 14-15 वर्ष आयु वर्ग की लड़कियों को एचपीवी वैक्सीन के टीके लगाए जाएंगे।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण चौधरी ने बताया कि भारत में ब्रैस्ट कैंसर के बाद सर्विकल कैंसर महिलाओं में दूसरा सबसे आम कैंसर है और हर वर्ष इस बीमारी के लगभग 12-13 लाख नए मामले सामने आते हैं। इससे 75,000-80,000 महिलाओं की दुखद मृत्यु होती है। यह कैंसर एचपीवी नामक वायरस के कारण होता है। अगर समय पर टीकाकरण हो जाए तो इस वायरस से बचा जा सकता है। इसी उद्देश्य से एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। यह टीका पूर्णतः सुरक्षित, प्रभावी एवं विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा अनुमोदित है। विश्व के 150 से अधिक देशों में इस वैक्सीन की करोड़ों खुराक सफलतापूर्वक दी जा चुकी हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि यह टीका निजी क्षेत्र में काफी समय से उपलब्ध है, लेकिन इसकी लागत अधिक होने के कारण सभी के लिए सुलभ नहीं था। अब सरकार इसे 14-15 वर्ष के आयु वर्ग की बालिकाओं को निःशुल्क उपलब्ध करवा रही है। टीकाकरण से संबंधित सभी विवरण यू-विन डिजिटल पोर्टल पर दर्ज किए जाते हैं। इस पोर्टल पर पंजीकरण करवाकर और टीका लगवाने के लिए अपॉइंटमेंट लेकर सीधे नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में जाकर टीका लगवाया जा सकता है। टीकाकरण केंद्र पर लड़की का आयु प्रमाण पत्र अवश्य साथ लाएं। यह टीकाकरण पूर्णतः स्वैच्छिक है, परंतु अभिभावकों की सहमति आवश्यक है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now