
मॉडल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जंगलवेरी में विशेष एचपीवी टीकाकरण अभियान आयोजित
संजय ठाकुर । ऊहल

मॉडल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जंगलवेरी में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) के खिलाफ एक विशेष टीकाकरण अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान की निगरानी डॉ. सुरेंद्र सिंह डोगरा ने की। कार्यक्रम में स्वास्थ्य कार्यकर्ता रवींद्र देवी और इंदु शिवानी ने आशा कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर सक्रिय भागीदारी निभाई।
अभियान के दौरान लोगों को एचपीवी से होने वाले खतरों के प्रति जागरूक किया गया और पात्र लाभार्थियों का टीकाकरण भी किया गया। डॉ. डोगरा ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन एक सुरक्षित और प्रभावी टीका है, जो सर्वाइकल, योनि, गुदा और गले के कैंसर समेत एचपीवी से होने वाले 90 प्रतिशत से अधिक कैंसरों से बचाव करता है।
उन्होंने बताया कि यह टीका मुख्य रूप से 9 से 14 वर्ष की आयु के बच्चों (लड़कियों और लड़कों) के लिए अनुशंसित है, हालांकि 26 वर्ष तक की आयु के लोग भी इसे लगवा सकते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, यह टीका यौन सक्रियता से पहले लगवाने पर सबसे अधिक प्रभावी होता है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे इस तरह के अभियानों का लाभ उठाकर अपने बच्चों का समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करें, ताकि भविष्य में गंभीर बीमारियों से बचाव किया जा सके।
Author: Polkhol News Himachal








