
NH-03 पर आधी राहत, आधी परेशानी: हमीरपुर–अवाहदेवी सुधरा, पाड़छु–कोटली अब भी बेहाल
रजनीश शर्मा | धर्मपुर/ कोटली
अटारी को लेह से जोड़ने वाले नेशनल हाईवे-03 पर हमीरपुर से अवाहदेवी तक का सफर अब पहले से बेहतर और राहतभरा हो गया है। लेकिन दूसरी ओर पाड़छु से धर्मपुर-कोटली तक का हिस्सा आज भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। खासकर धर्मपुर क्षेत्र के रियूर गांव में हालात बेहद चिंताजनक बने हुए हैं, जहां BRN कंपनी पर मनमानी और लापरवाही के आरोप लगातार लग रहे हैं।
रियूर में कंपनी की तानाशाही, मकानों को खतरा
धर्मपुर के रियूर गांव में BRN कंपनी द्वारा बिना उचित रिटेनिंग वॉल लगाए सड़क निर्माण कार्य किया जा रहा है। इससे आसपास के मकानों को नुकसान पहुंच रहा है और लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायतों के बावजूद कंपनी ने सुरक्षा उपायों को नजरअंदाज किया है।

जनांदोलन और विरोध भी बेअसर
इस मुद्दे को लेकर क्षेत्र में कई बार आंदोलन हो चुके हैं। कामरेड भूपिंदर जैसे नेताओं ने लोगों की आवाज उठाई, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।
धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर ने भी इस मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए लगभग 10 दिन का अनशन किया और बाद में पैदल यात्रा कर लोगों की समस्याएं सुनीं। बावजूद इसके, BRN कंपनी की कार्यशैली में खास बदलाव देखने को नहीं मिला।
हमीरपुर–अवाहदेवी में सुधार, लोगों को राहत
वहीं दूसरी तरफ हमीरपुर से अवाहदेवी तक हाईवे की स्थिति में काफी सुधार हुआ है। सड़क चौड़ी और बेहतर होने से लोगों को आवाजाही में बड़ी राहत मिली है। इस हिस्से में निर्माण कार्य अपेक्षाकृत बेहतर तरीके से पूरा हुआ है।
पाड़छु से कोटली तक हालात चिंताजनक
हालांकि पाड़छु से लेकर धर्मपुर-कोटली (मंडी) तक सड़क की हालत अब भी खराब बनी हुई है। जगह-जगह अधूरा काम, सुरक्षा उपायों की कमी और निर्माण की धीमी गति से लोगों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही।
इन्फो बॉक्स
- हाईवे: नेशनल हाईवे-03 (अटारी–लेह मार्ग)
- राहत वाला सेक्शन: हमीरपुर – अवाहदेवी
- समस्या वाला सेक्शन: पाड़छु – धर्मपुर – कोटली
- मुख्य समस्या: रिटेनिंग वॉल का अभाव, मकानों को खतरा
- विरोध: अनशन, पैदल यात्रा, जन आंदोलन
- आरोप: BRN कंपनी की लापरवाही और मनमानी

Author: Polkhol News Himachal









